भगवान कृष्ण के विचार निष्काम कर्म और धर्म की राह दिखाते हैं: भजनलाल शर्मा
नरेश गुनानी
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए नागरिकों से भगवान कृष्ण के बताए मार्ग पर चलने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि भगवान कृष्ण का संपूर्ण जीवन और उनके उपदेश समूची मानवता के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। गीता के माध्यम से दिया गया उनका निष्काम कर्म का अमर संदेश, अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने का संकल्प और लोक कल्याण की भावना प्रत्येक युग में समान रूप से प्रासंगिक और अनुकरणीय है।
भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि वे भगवान कृष्ण के महान जीवन आदर्शों, नीति और शिक्षाओं को अपने आचरण में आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि सत्य, निष्ठा और समर्पण की भावना से कार्य करते हुए सभी नागरिक ‘विकसित राजस्थान’ और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।