मुख्यमंत्री ने 4जी सेवा के लाभार्थियों से किया संवाद, स्वदेशी नेटवर्क से बदल रही संचार व्यवस्था
27 सितम्बर 2025 | जयपुर, नरेश गुनानी
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को सीतापुरा स्थित जेईसीसी में आयोजित कार्यक्रम में बीएसएनएल की स्वदेशी 4जी नेटवर्क सेवा के शुभारंभ अवसर पर लाभार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश दूरसंचार क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छू रहा है। राजस्थान की हजारों साइट्स पर अब बीएसएनएल की 4जी सेवा उपलब्ध है, जिससे प्रदेशवासियों को स्वदेशी रूप से विकसित नेटवर्क पर शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार और अन्य क्षेत्रों से संबंधित सुविधाएं तेज़ी और सुगमता से मिल रही हैं।
लाभार्थियों के अनुभव
विभिन्न जिलों से वर्चुअल रूप से जुड़े और कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लाभार्थियों ने 4जी सेवा से अपने जीवन में आए बदलाव साझा करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
- अलवर के हरिपुरा गांव के तुलसीदास ने बताया कि उनका गांव वर्षों से संचार सुविधा से वंचित था। अब 4जी नेटवर्क आने से बच्चों की शिक्षा को नई दिशा मिलेगी।
- ब्यावर के नाईकलां ग्राम के सोहनसिंह ने कहा कि पहले मोबाइल पर बातचीत करने के लिए पहाड़ियों पर चढ़ना पड़ता था, लेकिन अब ग्राम पंचायत में ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का निर्बाध लाभ मिल रहा है।
- जैसलमेर की अभयवाला चौकी से जुड़े बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि भारत-पाकिस्तान सीमा से लगभग 200 मीटर दूर तक 4जी सेवा पहुंचने से सीमा पर चौकसी और सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ हो गई है।
- जयपुर जिले के रामेश्वर लाल गुर्जर ने बताया कि पहले उन्हें मोबाइल नेटवर्क के लिए घर की छत पर जाना पड़ता था, जबकि अब घर के भीतर ही तेज़ इंटरनेट और अन्य संचार सुविधाएं उपलब्ध हैं।
दूरसंचार में आत्मनिर्भरता का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी तकनीक पर आधारित यह नेटवर्क देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यवसाय और ग्रामीण विकास में नई संभावनाएं खुलेंगी और दूर-दराज के क्षेत्रों तक संचार सेवाओं की सुगमता सुनिश्चित होगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और लाभार्थी उपस्थित रहे।