मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से शिष्टाचार भेंट, केन्द्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर प्रदेश के विकास और लोक कल्याणकारी नीतियों पर की विस्तृत चर्चा
20 अगस्त 2025, 09:40 AM |टेलीग्राफ टाइम्स By: नरेश गुनानी
जयपुर/ नई दिल्ली:मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई केन्द्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर प्रदेश की विकास परियोजनाओं और लोक कल्याणकारी नीतियों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष से संसद भवन स्थित उनके कार्यालय में भेंट कर प्रदेश में विकासोन्मुखी कार्यों, जन-कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन सहित विभिन्न जनहित से जुड़े विषयों पर सार्थक संवाद किया। साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित केन्द्रीय मंत्रिमंडल द्वारा कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को स्वीकृति मिलने पर ओम बिरला को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान और केन्द्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी से भी भेंट की। इस दौरान जयपुर में लैंग्वेज लैब स्थापित करने के विषय पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस लैब से प्रदेश के युवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए आवश्यक भाषा दक्षता प्राप्त होगी और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। शिक्षा मंत्री के साथ हुई बैठक में नवीन शिक्षा नीति के क्रियान्वयन और शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों पर भी गहन चर्चा की गई। साथ ही, मुख्यमंत्री ने वार्षिक कार्ययोजना के तहत प्रदेश को वित्तीय अनुदान शीघ्र जारी करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से भी मुलाकात की। उन्होंने प्रदेश में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025 की तैयारियों और आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इस अवसर पर डॉ. मांडविया ने राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा रोजगार प्रोत्साहन योजना की सराहना करते हुए इसे युवाओं के सपनों को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर बताया।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान रामजल सेतु लिंक परियोजना सहित अन्य जल परियोजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से बातचीत हुई।
मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू से भी भेंट की। इस बैठक में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और विधि एवं न्याय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं कार्मिक एवं लोक शिकायत राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से भी मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश के सिविल सेवकों से संबंधित और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग से जुड़े विविध विषयों पर चर्चा की गई।