जोधपुर/ नरेश गुनानी/केंद्रीय संचार ब्यूरो (सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय) और ‘माय भारत’ के संयुक्त तत्वावधान में जिले के माणकलाव स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों में संतुलित आहार, स्वच्छता और पोषण के प्रति चेतना जाग्रत करना रहा।
स्वस्थ माता और बच्चों से ही मजबूत होगा राष्ट्र: भूपेंद्र सिंह शेखावत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माय भारत के उपनिदेशक भूपेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि स्वस्थ जीवन की मजबूत नींव सही और संतुलित पोषण पर ही टिकी है। विशेष रूप से बच्चों, किशोरियों और गर्भवती महिलाओं के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए पोषक तत्वों से भरपूर आहार बेहद जरूरी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पोषण का अर्थ केवल पेट भरना नहीं है, बल्कि शरीर की जरूरत के अनुसार उचित मात्रा में पौष्टिक तत्व ग्रहण करना है। दैनिक आहार में हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, साबुत अनाज, मौसमी फल और दूध का नियमित समावेश होना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता, शुद्ध पेयजल और नियमित शारीरिक व्यायाम को भी अनिवार्य बताया।
कुपोषण के खिलाफ लड़ाई हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी: पन्नालाल कच्छावा
माणकलाव के सरपंच पन्नालाल कच्छावा ने अपने संबोधन में कहा कि पोषण माह केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि एक सामाजिक संकल्प है। कुपोषण को जड़ से खत्म करने के लिए सरकार और संबंधित विभागों के साथ-साथ आम जनता की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। परिवार, समाज, शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मिलकर इस दिशा में निरंतर प्रयास करना होगा ताकि हर जरूरतमंद तक सही जानकारी और पोषण पहुंच सके।
जनभागीदारी से ही साकार होगा ‘स्वस्थ भारत’ का संकल्प: आशीष वर्मा
मीडिया एवं संचार अधिकारी आशीष वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं और अभियानों के माध्यम से देश को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इन योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिल सकता है जब आम नागरिक इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने उपस्थित लोगों का आह्वान किया कि वे दैनिक जीवन में सही पोषण अपनाने का संकल्प लें और स्वस्थ परिवार से स्वस्थ भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर माणकलाव आंगनवाड़ी प्रभारी निकिता व सुमित्रा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सीमा, सहायिका रीता सहित माय भारत के स्वयंसेवक अरुण कुमार व भजनलाल तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।