माँ के संबल और आत्मविश्वास से रचा सफलता का इतिहास – केवीएम की टॉपर निकिता
Edited By:लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 22, 2025
सीकर।
राजस्थान बोर्ड की 12वीं कृषि विज्ञान परीक्षा में 94.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सीकर जिले के दिनारपुरा गांव की बेटी निकिता ने प्रदेश में मेधावी विद्यार्थियों की सूची में अपना नाम दर्ज कराया है। केवीएम स्कूल की छात्रा निकिता ने साबित कर दिया कि कठिन हालात भी लक्ष्य के आगे बाधा नहीं बन सकते, अगर संकल्प और मेहनत सच्चे हों।
निकिता के पिता के असमय निधन के बाद उनकी मां मोहनलता ने न केवल माता-पिता दोनों की भूमिका निभाई, बल्कि परिवार की जिम्मेदारियों के साथ-साथ बेटी की पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान दिया। वर्तमान में मोहनलता डाइट सीकर में व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं।
अपनी सफलता का श्रेय मां और शिक्षकों को देते हुए निकिता ने कहा, “मेरी मां ने हमेशा कहा कि शिक्षा ही सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने हर कठिन समय में मेरा हौसला बढ़ाया और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।” उन्होंने बताया कि सीएलसी और केवीएम के शिक्षकों का समर्पित मार्गदर्शन उनकी सफलता की बुनियाद बना।
निकिता का सपना है कि वह प्रोफेसर बनकर शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार करें और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनें। उन्होंने कहा कि केवीएम स्कूल में मिला सकारात्मक वातावरण, गहराई से पढ़ाई और नियमित मूल्यांकन ने उन्हें मजबूत शैक्षणिक आधार दिया।
निकिता की यह सफलता उन हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं।
