महिला सुरक्षा पर डीजीपी का बड़ा संदेश
कॉन्स्टीट्यूशन क्लब, जयपुर – “सशक्त नारी, जिम्मेदारी हमारी” अभियान का शुभारंभ
जयपुर, 20 अगस्त 2025 ✍️ गणेश शर्मा | टेलीग्राफ टाइम्स
राजधानी जयपुर से महिला सुरक्षा लेकर एक नई पहल की शुरुआत हुई है। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कॉन्स्टीट्यूशन क्लब, जयपुर में “सशक्त नारी, जिम्मेदारी हमारी” अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण पर महत्वपूर्ण संदेश दिए।
डीजीपी शर्मा ने कहा कि महिला सुरक्षा का संकल्प केवल सात दिनों के लिए नहीं, बल्कि हमेशा के लिए है। उन्होंने महिलाओं को शक्ति, सहनशीलता और साहस का प्रतीक बताते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास और सुरक्षा की प्रतिबद्धता से ही बदलाव और विश्वास स्थापित होगा।
कार्यक्रम में उन्होंने यह भी कहा कि महिला अधिकारी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी और राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में महिला सुरक्षा सर्वोच्च है। जयपुर में कालिका पेट्रोलिंग, एंटी-रोमियो और निर्भया स्क्वाड द्वारा किए गए कार्यों की उन्होंने सराहना की।
डीजीपी ने कहा – “असली ताकत महिलाओं को सम्मान देने से आती है। पुरुष साथियों को भी बदलाव का हिस्सा बनना होगा।” उन्होंने भरोसा जताया कि समुदाय के सहयोग से दूरगामी परिणाम मिलेंगे।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि हालिया सर्वेक्षण में जयपुर देश का दूसरा सबसे सुरक्षित शहर बना है और अब लक्ष्य है कि जयपुर विश्व का सबसे सुरक्षित शहर बने। डीजीपी ने विश्वास जताया कि समन्वित प्रयासों और निरंतर फीडबैक से पुलिस अपनी सेवाओं को और बेहतर बनाएगी।