महिला सशक्तिकरण को लगेंगे पंख; 16 फरवरी से वैशाली नगर में सजेगा ‘अमृता हाट’
अजमेर | 3 फरवरी, 2026
| नरेश गुनानी
अजमेर संभाग की महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए ‘अमृता हाट’ का आयोजन होने जा रहा है। सोमवार को अजमेर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने इस संभाग स्तरीय मेले के पोस्टर का विमोचन किया।
प्रमुख जानकारी: अमृता हाट 2026
- तिथि: 16 से 22 फरवरी, 2026
- स्थान: अरबन हाट, वैशाली नगर, अजमेर
- आयोजक: महिला अधिकारिता विभाग, राजस्थान
महिला स्वावलंबन का बड़ा केंद्र
पोस्टर विमोचन के दौरान महिला अधिकारिता विभाग की उप निदेशक ने बताया कि विभाग द्वारा हर साल महिला स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमियों के कौशल को बढ़ावा देने के लिए इस प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता है।
”अमृता हाट के माध्यम से महिलाओं द्वारा निर्मित मूल्य संवर्धित उत्पादों (Value-added products) के प्रदर्शन और विपणन के लिए एक सुरक्षित और बड़ा मंच उपलब्ध कराया जाता है। इससे न केवल उनकी आय में वृद्धि होती है, बल्कि समाज में उनकी एक उद्यमी के रूप में अलग पहचान स्थापित होती है।”
विमोचन कार्यक्रम में जुटे अधिकारी
अजमेर कलेक्ट्रेट में आयोजित इस गरिमामयी विमोचन समारोह में प्रशासन के आला अधिकारी भी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री के साथ जिला कलक्टर लोक बन्धु, पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और मीडिया जगत के प्रतिनिधि उपस्थित थे।