महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए केंद्र और राज्य सरकार की प्रतिबद्धता — शिवराज सिंह चौहान
By : गणेश शर्मा
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 08,2025
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा राष्ट्र को सर्वोपरि रखने की बात कही है और स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी परिस्थिति में देशवासियों के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं, विशेषकर स्वयं सहायता समूह की दीदियों के हितों को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

चौहान ने बताया कि मध्य प्रदेश में शुरू की गई लाडली लक्ष्मी योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था। इस योजना को शिक्षा से जोड़ते हुए बेटियों को आर्थिक मदद का प्रावधान किया गया, जिससे वे पढ़ाई के साथ आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि आज लगभग 55 लाख बेटियां इस योजना के तहत पंजीकृत हैं।
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की सराहना करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दीदियां अपने हुनर और मेहनत से बदलाव की नई कहानियां लिख रही हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) ने महिलाओं के जीवन में एक क्रांतिकारी बदलाव लाने का कार्य किया है। वर्तमान में 91 लाख स्वयं सहायता समूहों से 10 करोड़ से अधिक महिलाएं जुड़ चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि बैंकों द्वारा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अब तक 11 लाख करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। चौहान ने कहा, “जब महिलाएं सशक्त होती हैं, तो परिवार, समाज और राष्ट्र सशक्त होता है।”
महिलाओं को उद्यमी बनाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री द्वारा निर्धारित 3 करोड़ लखपति दीदियां बनाने के लक्ष्य को लेकर चौहान ने विश्वास जताया कि यह लक्ष्य निर्धारित समय से पहले ही हासिल कर लिया जाएगा।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव शैलेश कुमार सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में देशभर के 700 से अधिक स्थानों से स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने वर्चुअल माध्यम से भागीदारी की।