महानगरों की तर्ज पर रायगढ़ में होगा वीडियो फोटो प्रिंटिंग एक्सपो का आयोजन
रिपोर्ट गणपत चौहान, छत्तीसगढ़
__________________
रायगढ़। महानगरों की तर्ज पर अब रायगढ़ में भी भव्य वीडियो फोटो प्रिंटिंग एक्सपो का आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन 20 और 21 दिसंबर को “रायगढ़ दृष्टि वीडियो फोटो व प्रिंटिंग एक्सपो” नाम से आयोजित किया जाएगा। यह एक्सपो फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के क्षेत्र में नवीनतम तकनीक, उत्पाद और प्रशिक्षण का एक बड़ा मंच होगा।
इस मेले में नागपुर, रायपुर, कोलकाता, कटक, भुवनेश्वर, मुंबई, दिल्ली, इंदौर, रांची और अन्य बड़े शहरों से देशभर के नामचीन फोटोग्राफर, वीडियो मेकर और प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी। आयोजन के.के. फिल्म्स द्वारा किया जा रहा है।
आधुनिक तकनीक की वर्कशॉप भी होगी आयोजित
दो दिवसीय इस एक्सपो में आधुनिक फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और प्रिंटिंग तकनीक पर वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ प्रशिक्षक नवोदित फोटोग्राफरों को नई तकनीकों की जानकारी देंगे। यह आयोजन युवा फोटोग्राफरों के लिए सीखने और नेटवर्किंग का एक बड़ा अवसर साबित होगा।
रायगढ़ दृष्टि के डायरेक्टर कमल शर्मा ने बताया कि अब तक इस तरह के फोटो-वीडियो प्रिंटिंग फेयर दिल्ली, मुंबई, नागपुर, रायपुर, कोलकाता, इंदौर और भुवनेश्वर जैसे बड़े शहरों में आयोजित होते रहे हैं। उन्होंने कहा—
“मेरी हमेशा से इच्छा थी कि रायगढ़ में भी ऐसा आयोजन हो, ताकि यहां के युवाओं को फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और प्रिंटिंग के क्षेत्र में नई तकनीकों को करीब से सीखने और समझने का अवसर मिले। कई वर्षों के प्रयासों के बाद अब यह सपना साकार होता दिखाई दे रहा है।”
कमल शर्मा ने बताया कि देश के नामचीन फोटोग्राफरों और कंपनियों ने रायगढ़ में इस आयोजन में भाग लेने की सहमति दे दी है।
प्रदर्शनी में लगेंगे तकनीकी उत्पादों के स्टॉल
इस वीडियो फोटो प्रिंटिंग एक्सपो में कैमरे, ड्रोन, फोटो एल्बम, फ्रेमिंग, वीडियो मिक्सिंग, प्रिंटिंग मशीनें, सॉफ्टवेयर और अन्य फोटोग्राफी उपकरणों के स्टॉल लगाए जाएंगे। प्रतिभागी और आगंतुक यहां नवीनतम तकनीक और उत्पादों की जानकारी के साथ-साथ उन्हें क्रय भी कर सकेंगे।
उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे और आधुनिक फोटोग्राफी गैजेट्स भी प्रदर्शनी और बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।
आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल
इस भव्य आयोजन को लेकर रायगढ़ दृष्टि संस्था के सदस्य, स्थानीय व्यवसायी, फोटोग्राफर, कलाकार और शहर के गणमान्य नागरिक बेहद उत्साहित हैं। युवा वर्ग इस मेले को भव्यता से संपन्न कराने के लिए तैयारियों में जुट गया है।
यह एक्सपो न केवल फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी उद्योग के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा, बल्कि रायगढ़ को छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक और तकनीकी मानचित्र पर एक नई पहचान भी दिलाएगा।