महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पत्रकारिता छात्रों ने जाना पीआईबी जयपुर का कार्यकलाप

​जयपुर/ नरेश गुनानी/महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी से राजस्थान के शैक्षिक भ्रमण पर आए पत्रकारिता के छात्र-छात्राओं ने पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), जयपुर का दौरा किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पीआईबी और केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) की कार्यप्रणाली, सूचना प्रबंधन तथा केंद्र सरकार की विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तंत्र को विस्तार से समझा।

​पीआईबी जयपुर के निदेशक अनुभव बैरवा ने दल का नेतृत्व कर रहे पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह और प्रोफेसर वैष्णवी शुक्ला का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

​विद्यार्थियों से संवाद करते हुए निदेशक अनुभव बैरवा ने कहा कि पीआईबी भारत सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों और उपलब्धियों को विभिन्न मीडिया माध्यमों के जरिए आमजन तक पहुंचाने में सेतु की भूमिका निभाता है। डिजिटल युग में सूचनाओं के त्वरित और सटीक संप्रेषण की महत्ता बढ़ गई है। उन्होंने भावी पत्रकारों को सलाह दी कि वे आधुनिक तकनीकों को अपनाने के साथ-साथ पत्रकारिता के बुनियादी सिद्धांतों, निष्पक्षता और विश्वसनीयता का पूरी निष्ठा से पालन करें।

​डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि यह शैक्षिक दौरा विद्यार्थियों को सरकारी संचार तंत्र की जमीनी कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझने का बेहतरीन अवसर प्रदान करता है। सरकारी स्तर पर सूचनाओं का एकत्रीकरण और प्रसारण कैसे होता है, यह ज्ञान विद्यार्थियों के भावी करियर के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।

​पीआईबी के उपनिदेशक धर्मेश भारती ने छात्रों को मीडिया, जनसंपर्क और सरकारी सूचना तंत्र में रोजगार व करियर की संभावनाओं के बारे में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के छात्र अपने कौशल और रुचि के आधार पर मीडिया जगत में नए अवसर तलाश सकते हैं।

​भ्रमण के दौरान छात्रों ने अधिकारियों से संवाद कर सरकारी संचार व्यवस्था की बारीकियों और चुनौतियों पर चर्चा की। कार्यक्रम में केंद्रीय संचार ब्यूरो के गीत एवं नाटक प्रभाग द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर पीआईबी और सीबीसी के कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related