महाकाल की नगरी उज्जैन में अखिल भारतीय उत्थान संगठन का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न
– उपभोक्ता जागरूकता, नीतियों और सामाजिक सरोकारों पर हुआ मंथन
Edited By : गणपत चौहान
टेलीग्राफ टाइम्स
जून 17,2025
रायगढ़/उज्जैन।
अखिल भारतीय उत्थान संगठन द्वारा 14 एवं 15 जून 2025 को मध्यप्रदेश के धार्मिक और ऐतिहासिक नगर उज्जैन में द्विदिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन की जानकारी जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़) के जिला अध्यक्ष डॉ. वासु देव यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
अधिवेशन का शुभारंभ एवं प्रमुख उपस्थिति
अधिवेशन के प्रथम दिवस का शुभारंभ नगर निगम उज्जैन की अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव द्वारा किया गया, जो कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव की बड़ी बहन भी हैं।
आयोजन समिति में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री हरिशंकर शुक्ल, छत्तीसगढ़ प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री शैलेश चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव श्री चितरंजन कुमार पर्वत और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं संयोजक श्री ओम भारद्वाज प्रमुख रूप से शामिल रहे।
उपभोक्ता जागरूकता पर विशेष सत्र
प्रथम दिवस के द्वितीय सत्र में विशेष रूप से भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के डिप्टी डायरेक्टर श्री किशन लाल वर्मा एवं मानव संवर्धन अधिकारी श्री श्रीधर पांडे उपस्थित रहे।
उन्होंने उपस्थितजनों से BIS Care App डाउनलोड करने और bis.gov.in के माध्यम से उत्पादों की गुणवत्ता की जांच करने की अपील की।
इसके साथ ही नकली खाद्य पदार्थों की पहचान के लिए प्रैक्टिकल डेमो भी दिया गया।
पत्रिका ‘उपभोक्ता उड़ान’ का विमोचन
इस अवसर पर इंजीनियर सुनील शुक्ला द्वारा संपादित ‘उपभोक्ता उड़ान’ पत्रिका का लोकार्पण भी श्रीमती कलावती यादव द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि “शुद्धता के लिए अब युद्ध स्तर पर अभियान छेड़ना होगा।”
राष्ट्रीय अध्यक्ष का उद्बोधन
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री हरिशंकर शुक्ल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा –
“हमारी चुप्पी दूसरों का व्यापार बन गई है। अब हमें चुप्पी तोड़नी होगी।”
उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय उत्थान संगठन आज 25 राज्यों में सफलतापूर्वक कार्यरत है।
दूसरे दिन का आयोजन
द्वितीय दिवस के प्रथम सत्र में विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन के कुलपति, उज्जैन महापौर तथा पंचायती निरंजनी अखाड़ा उज्जैन के महामंडलेश्वर विशेष अतिथि रहे।
अंतिम सत्र में जूना अखाड़ा उज्जैन के महामंडलेश्वर श्री शैलेशनंद जी तथा तराना विधायक श्री परमार (कांग्रेस) मुख्य अतिथि रहे।
विधायक परमार ने संगठन को सुझाव दिया कि वे छात्र उपभोक्ता क्लब का गठन करें, जिसके लिए सरकार द्वारा आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाती है।
समापन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
अधिवेशन का समापन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व संयोजक ओम भारद्वाज के प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा –
“ग्राहक केवल देवता नहीं, बल्कि नीति-नियंता भी है। सचेत उपभोक्ता आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।”
इसके पश्चात आर्केस्ट्रा द्वारा संगीतमय कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया और गरिमामयी वातावरण में अधिवेशन की समाप्ति की घोषणा की गई।

