हनवारा/ नेहा रंजन/मध्य विद्यालय हनवारा के प्रांगण में प्रधानाध्यापक सह निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी (DDO) जितेन्द्र यादव के स्थानांतरण/विदाई के उपलक्ष्य में एक भव्य ‘विदाई सह सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक अब्दुल अजीज ने की, जबकि मंच संचालन झारोटेफ के जिला उपाध्यक्ष सह अनुमंडल प्रवक्ता रीतेश रंजन ने कुशलतापूर्वक किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार उपस्थित रहे।

पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और ट्रॉली देकर किया गया सम्मानित
समारोह के दौरान विद्यालय परिवार और साथी शिक्षकों ने जितेन्द्र यादव के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट की। उन्हें फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छ से लाद दिया गया। साथ ही अंगवस्त्र तथा उपहार स्वरूप ट्रॉली बैग भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में महागामा, बसंतराय एवं मेहरमा प्रखंड के कई निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी और भारी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
अच्छे कार्य और आत्मीय संबंध हमेशा याद रहते हैं: जिला शिक्षा अधीक्षक
मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा:
”सरकारी सेवा में स्थानांतरण और सेवानिवृत्ति एक स्वाभाविक प्रशासनिक प्रक्रिया है। पद पर रहते हुए किए गए उत्कृष्ट कार्य और सहकर्मियों के साथ स्थापित आत्मीय संबंध ही सेवाकाल की वास्तविक पूंजी होते हैं, जो सदैव याद रहते हैं। जितेन्द्र यादव ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ किया है। उनके अनुभव, दूरदर्शिता और कार्यशैली का लाभ न केवल हनवारा विद्यालय को, बल्कि पूरे शिक्षा विभाग को मिला है।”
सहयोग और स्नेह को जीवन भर नहीं भूल पाऊंगा: जितेन्द्र यादव
सम्मान से अभिभूत प्रधानाध्यापक जितेन्द्र यादव ने अपने संबोधन में भावुक होते हुए कहा:
”मध्य विद्यालय हनवारा में अपने सेवाकाल के दौरान मुझे विद्यालय परिवार, शिक्षक साथियों और विभागीय अधिकारियों से जो अटूट सहयोग और स्नेह मिला, उसे मैं जीवन भर नहीं भूल पाऊंगा। यह विदाई और सम्मान मेरे लिए अत्यंत भावुक क्षण है। मैं सभी के सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं तथा विद्यालय व विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करता हूं।”
गणमान्य शिक्षकों की रही मौजूदगी
समारोह को सफल बनाने में विद्यालय परिवार की सक्रिय व सराहनीय भूमिका रही। इस अवसर पर मुख्य रूप से सज्जाद अहमद फैज, जयकांत यादव, गोपाल पाठक, अरविंद कुमार मोदी, मुरारी प्रसाद शर्मा, तोहिद आलम, राधाकांत साह, आनंद रजक, विनोद गुप्ता, अतिकुर रहमान सहित तीनों प्रखंडों के दर्जनों शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।