जयपुर/ नरेश गुनानी/नगरीय निकाय आम चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और नागरिकों को मताधिकार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राजधानी में एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन कार्यालय जयपुर और राजस्थान रोड राइडर्स साइकलिंग क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह रैली ‘स्वीप’ (सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता) कार्यक्रम के तहत निकाली गई।
रैली की शुरुआत अमर जवान ज्योति (जनपथ, एसएमएस स्टेडियम) से हुई। स्वीप कार्यक्रम के प्रभारी एवं जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शुभम भैंसारे ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने केवल रैली को रवाना ही नहीं किया, बल्कि खुद भी प्रतिभागियों के साथ साइक्लिंग करते हुए जलमहल तक पहुंचे और जन-जन को मतदान का संदेश दिया।
स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मतदान जरूरी: शुभम भैंसारे
उपस्थित जनसमूह और साइक्लिस्ट्स को संबोधित करते हुए सीईओ शुभम भैंसारे ने कहा कि जिस प्रकार शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए नियमित साइक्लिंग आवश्यक है, ठीक उसी तरह एक सशक्त और स्वस्थ लोकतंत्र के निर्माण के लिए हर नागरिक का मतदान करना अनिवार्य है। लोकतंत्र में प्रत्येक मत की अपनी ताकत और महत्ता होती है।
जिले में मतदान का कार्यक्रम:
सीईओ ने निकाय चुनावों की तिथियों और समय की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया:
- 09 सितंबर (बुधवार): जयपुर जिले की 2 नगर परिषदों और 16 नगर पालिकाओं के कुल 540 वार्डों में मतदान संपन्न होगा।
- 11 सितंबर (शुक्रवार): जयपुर नगर निगम के कुल 150 वार्डों के लिए मत डाले जाएंगे।
- मतदान समय: दोनों ही दिन मतदान का समय प्रातः 7:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
उन्होंने जयपुर जिले के सभी पात्र मतदाताओं से भयमुक्त, निष्पक्ष होकर और उत्साहपूर्वक लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इनकी रही प्रमुख भागीदारी
अमर जवान ज्योति से जलमहल तक आयोजित इस रैली में शहर के जागरूक नागरिकों और बड़ी संख्या में साइक्लिस्ट्स ने भाग लिया। इस मौके पर राजस्थान रोड राइडर्स के संरक्षक डॉक्टर जी एल शर्मा, अध्यक्ष विजेंद्र सिंह पाड़ला, जनसंपर्क उप निदेशक हेमंत सिंह, जिला नोडल स्वीप समन्वयक दिनकर शर्मा और रॉबिन हुड आर्मी जयपुर की संयोजक रेनू जिंदल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने संयुक्त रूप से नागरिकों को मतदान करने की शपथ दिलाई।