मंदिरों की नगरी पुष्कर में धूमधाम से मनाया जाएगा राम जन्मोत्सव
अप्रैल 04, 2025 19 :35 IST
टेलीग्राफ टाइम्स
(हरिप्रसाद शर्मा) पुष्कर/अजमेर: तीर्थराज पुष्कर में रामनवमी के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। हनुमान गली स्थित रघुनाथ शाह मंदिर में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।
कलश यात्रा और विशेष अनुष्ठान
पंडित कैलाश नाथ दाधीच ने बताया कि रामनवमी पर सुबह 8 बजे पवित्र पुष्कर सरोवर का पूजन एवं अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद सरोवर का जल लेकर बैंड-बाजों के साथ भव्य कलश यात्रा निकलेगी, जो मंदिर तक पहुंचेगी। यहां भगवान राघवेंद्र सरकार का पंचामृत से स्नान कराया जाएगा और सुगंधित फूल, इत्र व चंदन से सहस्राभिषेक किया जाएगा।
रामधुनी और महाआरती का आयोजन
प्रातः मंदिर परिसर में विद्वान पंडितों द्वारा रामधुनी एवं रुद्री पाठ किया जाएगा। दोपहर 12 बजे अभिजीत मुहूर्त में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा, जिसके बाद भव्य महाआरती होगी और भक्तों के लिए प्रसाद वितरण किया जाएगा। इसके अलावा सुंदरकांड पाठ का भी आयोजन किया जाएगा।
अन्य मंदिरों में भी होंगे विशेष कार्यक्रम
रामनवमी के अवसर पर छोटी बस्ती स्थित वराह घाट पर सरोवर किनारे बने राम मंदिर में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुष्कर के अन्य मंदिरों में भी भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।