मंगलेश्वर महादेव मातृकुण्डिया में गंगा आरती के समान आरती करवाने के प्रस्ताव का परीक्षण
09 सितम्बर 2025, जयपुर। सुनील शर्मा। टेलीग्राफ टाइम्स
देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने मंगलवार को विधानसभा में बताया कि चित्तौड़गढ़ जिले के मातृकुण्डिया स्थित मंगलेश्वर महादेव मंदिर में बनास नदी के घाट पर गंगा आरती की तर्ज पर आरती आयोजित करने के प्रस्ताव का परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षण उपरांत गुण-दोष के आधार पर इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
प्रश्नकाल के दौरान विधायकों द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए कुमावत ने सदन को आश्वस्त किया कि बजट 2023-24 के तहत पर्यटन विभाग द्वारा मंगलेश्वर महादेव मंदिर, मातृकुण्डिया-चित्तौड़गढ़ में 308.56 लाख रुपये के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इस संबंध में जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों को भी शामिल किया जाएगा।
इससे पूर्व कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर के मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में देवस्थान मंत्री ने बताया कि बीते पांच वर्षों में मंदिर परिसर के विकास हेतु वर्ष 2023-24 की बजट घोषणा के तहत 89,329 रुपये खर्च कर साधारण मरम्मत एवं रंग-रोगन का कार्य कराया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि बजट 2025-26 में राज्य के आदिवासी बाहुल्य जिलों में स्थित ऐतिहासिक, धार्मिक एवं इको-टूरिज्म स्थलों — त्रिपुरा सुंदरी, मानगढ़ धाम, बेणेश्वर धाम, सीतामाता अभयारण्य, ऋषभदेव, गौतमेश्वर मंदिर और मातृकुण्डिया आदि — को सम्मिलित करते हुए 100 करोड़ रुपये की लागत से ट्राइबल टूरिस्ट सर्किट विकसित करने की घोषणा की गई है।

