जयपुर/भुवनेश्वर/ नरेश गुनानी/राज्य सरकार द्वारा प्रवासी राजस्थानियों से जुड़ाव मजबूत करने और निवेश के नए अवसरों पर विमर्श के उद्देश्य से मंगलवार, 15 सितम्बर को भुवनेश्वर के होटल मेफेयर में ‘प्रवासी राजस्थानी मीट’ का आयोजन किया जा रहा है। इस उच्चस्तरीय मीट का नेतृत्व उद्योग एवं वाणिज्य तथा डोरा के अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल कर रहे हैं।
यह आयोजन राज्य सरकार के उस व्यापक अभियान की कड़ी है, जिसके तहत देश-विदेश में बसे प्रवासी राजस्थानियों से संपर्क सुदृढ़ कर उन्हें राजस्थान की विकास यात्रा का सक्रिय भागीदार बनाया जा रहा है। इसका प्राथमिक ध्येय प्रवासी समुदाय के साथ संवाद, सहयोग और सहभागिता को गति देकर राज्य के औद्योगिक विकास, निवेश, नवाचार और सामाजिक प्रगति में उनके योगदान को सशक्त करना है।
प्रमुख क्षेत्रों में निवेश और साझेदारी पर जोर
’प्रवासी राजस्थानी मीट’ के तहत प्रतिनिधिमंडल ओडिशा के प्रमुख औद्योगिक समूहों और व्यावसायिक प्रतिनिधियों से सीधी चर्चा करेगा। बैठक में विशेष रूप से निम्नलिखित क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा:
- खनन एवं खनिज आधारित उद्योग तथा धातु प्रसंस्करण
- हरित ऊर्जा (ग्रीन एनर्जी)
- वस्त्र एवं परिधान (टेक्सटाइल)
- पर्यटन एवं आतिथ्य सत्कार
- स्वास्थ्य सेवाएं (हेल्थकेयर)
कार्यक्रम के दौरान राज्य में उपलब्ध निवेश संभावनाओं, अधोसंरचना और उद्योग अनुकूल नीतिगत प्रोत्साहनों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा, जिससे राज्य में तकनीकी सहयोग और नई व्यावसायिक साझेदारियों को गति मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल और औद्योगिक सहभागिता
अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल के नेतृत्व वाले इस दल में डोरा की विशेष सचिव एवं राजस्थान फाउंडेशन की आयुक्त डॉ. मनीषा अरोड़ा सहित राजस्थान फाउंडेशन, ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन (बीआईपी), रीको तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 के लिए कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) इंडस्ट्री पार्टनर की भूमिका निभा रहा है। इस कार्यक्रम में उद्योग जगत की ओर से सीआईआई ओडिशा राज्य परिषद के अध्यक्ष एवं जेएसडब्ल्यू स्टील लिमिटेड के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह तथा वेदांता एल्युमिनियम मेटल लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सीआईआई ओडिशा के पूर्व अध्यक्ष सी. चंद्र प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
प्रवासी राजस्थानी दिवस की पृष्ठभूमि
राजस्थान सरकार ने प्रवासियों को अपनी मातृभूमि से जोड़े रखने के लिए 10 दिसंबर को ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस’ के रूप में मनाने की शुरुआत की है। वर्ष 2025 में जयपुर में आयोजित प्रथम सम्मेलन की सफलता के बाद ‘कनेक्ट, कोलैबोरेट एंड कॉन्ट्रिब्यूट’ के संकल्प के साथ देश भर के प्रमुख शहरों में इस तरह के संपर्क कार्यक्रमों का विस्तार किया जा रहा है। भुवनेश्वर में आयोजित यह सत्र आगामी ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026’ की रूपरेखा और सहभागिता को भी मजबूती प्रदान करेगा।