भुवनेश्वर में रायगढ़ के इंजीनियरिंग छात्र की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव
| रिपोर्ट गणपत चौहान
भुवनेश्वर।ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (के.आई.आई.टी.) विश्वविद्यालय के छात्रावास में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां रायगढ़ निवासी बी.टेक प्रथम वर्ष के छात्र राहुल यादव (18) ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। राहुल कंप्यूटर साइंस शाखा का छात्र था और कुछ महीने पहले ही विश्वविद्यालय में दाखिला लिया था। घटना की जानकारी रविवार रात लगभग 10.45 बजे मिली, जिसके बाद हॉस्टल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही वार्डन और विश्वविद्यालय प्रबंधन सक्रिय हुए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। इन्फोसिटी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराते हुए हॉस्टल कक्ष का दरवाजा खुलवाया। कमरे के भीतर राहुल का शरीर फंदे से लटका पाया गया। पुलिस ने तुरंत उसे किम्स अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए देर रात ही पुलिस कमिश्नर सहित वरिष्ठ अधिकारी भी विश्वविद्यालय पहुंचे और मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। वैज्ञानिक पद्धति से पूरे कमरे की छानबीन की गई तथा मृतक छात्र का मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री जब्त कर सीजऱ सूची में दर्ज की गई। पुलिस ने कक्ष की जांच पूरी करने के बाद उसे सील कर दिया है।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या और अन्य सभी संभावित कोणों से मामले की जांच कर रही है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद उनके पहुंचने की प्रतीक्षा की जा रही है। इस घटना से विश्वविद्यालय परिसर में शोक की लहर है और छात्र-समुदाय में गहरा आघात पहुंचा है।