तमनार के झींगाबहाल क्षेत्र की घटना; टक्कर के बाद दोनों भारी वाहन बने आग का गोला, मची अफरा-तफरी
गनपत चौहान
रायगढ़/तमनार। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड अंतर्गत झींगाबहाल क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ कोयले से लदे दो भारी मालवाहक वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दुर्घटना के तुरंत बाद दोनों वाहनों में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते दोनों वाहन धू-धू कर जल उठे। इस भयावह हादसे में एक ट्रक का चालक केबिन में ही फंस गया और आग की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरे वाहन के चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल है।
तेज रफ्तार बनी काल, पल भर में फैली आग
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों भारी वाहन अत्यधिक तेज रफ्तार में थे। झींगाबहाल के पास दोनों के बीच आमने-सामने इतनी जबरदस्त टक्कर हुई कि कुछ ही क्षणों में वाहनों से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। चूंकि दोनों ही वाहनों में कोयला लोड था, इसलिए आग ने बेहद तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण व राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जिंदल उद्योग की दमकल टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही तमनार थाना पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। आग की भयावहता और कोयले के कारण भड़कती लपटों को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तत्काल ‘जिन्दल उद्योग’ की फायर ब्रिगेड टीम को सहायता के लिए बुलाया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए वाहनों और कोयले में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
केबिन में फंसा रहा चालक, दूसरे की हालत गंभीर
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टक्कर के बाद एक वाहन का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके कारण उसका चालक अंदर ही फंस कर रह गया। आग की तेजी के कारण उसे बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वह जिंदा जल गया। वहीं, दूसरे वाहन का चालक गंभीर स्थिति में गाड़ी से बाहर निकलने में कामयाब रहा, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है।
यातायात ठप, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद मार्ग पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की और सुरक्षित तरीके से यातायात को नियंत्रित करना शुरू किया। तमनार पुलिस ने मर्ग कायम कर मृत चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह वाहनों की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना माना जा रहा है।