भिवाड़ी में शराब के नशे में दोस्त ने ही कर दी हत्या, सोनू शर्मा हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा

भिवाड़ी में शराब के नशे में दोस्त ने ही कर दी हत्या, सोनू शर्मा हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा

नरेश गुनानी। टेलीग्राफ टाइम्स।

भिवाड़ी, 25 अगस्त 2025 – भिवाड़ी जिले के टपूकड़ा थाना क्षेत्र के दांगनहेड़ी गांव में 21 अगस्त की रात हुए सोनू शर्मा हत्याकांड का खुलासा भिवाड़ी पुलिस ने कर दिया है। मामूली कहासुनी के बाद दोस्त ने ही पीट-पीटकर सोनू शर्मा की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या के आरोपी राजवीर उर्फ जैला को गिरफ्तार कर लिया है।

भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण ने बताया कि 21 अगस्त की रात परिवादी महेंद्र शर्मा ने पुलिस को सूचना दी कि उनके भाई सोनू शर्मा को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल किया गया है। जानकारी मिलने पर परिवारजन मौके पर पहुंचे और सोनू को तुरंत सीएचसी टपूकड़ा ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महेंद्र शर्मा के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

एसपी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल साहु और वृत्ताधिकारी शिवराज सिंह के मार्गदर्शन में थानाधिकारी राजीव शर्मा की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल, एमओबी और डॉग स्क्वॉड की मदद ली। सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और जांच में पता चला कि मृतक सोनू शर्मा और आरोपी राजवीर उर्फ जैला कुछ अन्य दोस्तों के साथ खाली प्लॉट में शराब पी रहे थे।

पुलिस ने बताया कि जब बाकी दोस्त चले गए, तब सोनू और राजवीर वहीं रुके। इसी दौरान राजवीर ने कहा कि यह उसका इलाका है और यहाँ उसकी चलती है। सोनू ने जवाब दिया कि यह उनकी जगह है और यहाँ उनकी ही चलेगी। यह सुनते ही राजवीर आगबबूला हो गया। कहासुनी के बाद राजवीर ने सोनू को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। उसने सोनू के सिर पर पत्थर से भी हमला किया, जिससे वह जमीन पर गिर गए। इसके बाद राजवीर ने सोनू की छाती पर घुटने से वार किए और उन्हें पत्थरों के ढेर में धक्का दे दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से सोनू की मौके पर ही मौत हो गई।

गिरफ्तारी से बचने के लिए राजवीर ने सोनू के भाई को फोन कर झूठी सूचना दी कि किसी ने सोनू को घायल किया है। पुलिस की गहन पूछताछ में राजवीर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी राजवीर उर्फ जैला (36) निवासी चौलाई की ढाणी, ग्राम बुरहेड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस मामले का खुलासा और आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी राजीव शर्मा, हैड कांस्टेबल सुरेन्द्र कुमार, दिनेश कुमार, कांस्टेबल हुकम सिंह, मनोज, अंकुर और प्रदीप शामिल थे।

भिवाड़ी पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई कर कानून के तहत दोषी को न्याय के कटघरे में लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related