भारी वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों का अतिरिक्त मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण, राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
जयपुर, 05 सितम्बर। नरेश गुनानी। टेलीग्राफ टाइम्स
प्रदेश में हाल ही में हुई भारी वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद कुमार ने शुक्रवार को जयपुर जिले के चाकसू उपखण्ड और तहसील कोटखावदा का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ संभागीय आयुक्त जयपुर पूनम, जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि 01 से 04 सितम्बर 2025 तक चाकसू तहसील में 46 मिमी और कोटखावदा तहसील में 340 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसके चलते क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी।

स्थलीय निरीक्षण और दिए गए दिशा-निर्देश
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव ने प्रभावित क्षेत्रों में मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इनमें प्रमुख बिंदु इस प्रकार रहे—
- चाकसू-दौसा स्टेट हाईवे पर ग्राम पंचायत छांदेल कला में ढूंढ नदी पर हाई लेवल ब्रिज निर्माण का सुझाव।
- ग्राम पंचायत झांपदा कला में अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत और स्थायी समाधान हेतु सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं पंचायत को निर्देश।
- उपखण्ड क्षेत्र के सभी जलाशयों और बड़े बांधों की सतत निगरानी और नियमित देखरेख के लिए जल संसाधन विभाग को निर्देश।
- झांपदा कला के खेल मैदान की क्षतिग्रस्त दीवार को तत्काल दुरुस्त कराने के आदेश।
- कोटखावदा कस्बे में जलभराव की शीघ्र निकासी सुनिश्चित करने के लिए पंचायत राज विभाग को निर्देश।
संवेदनशील और त्वरित प्रशासन की परिकल्पना
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की संवेदनशील प्रशासन और सुशासन की परिकल्पना के अनुरूप विभागीय समन्वय और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को राहत और सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर गति देने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।