भारतीय सिंधू सभा जयपुर महानगर में हुआ विशेष कार्यक्रम
जयपुर, 12 सितम्बर 2025। प्रीति बालानी। टेलीग्राफ टाइम्स।
भारतीय सिंधू सभा जयपुर महानगर द्वारा बुधवार को होटल डिग्गी पैलेस, जयपुर में एक भव्य परिचय एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भारतीय सिंधू सभा के राष्ट्रीय संरक्षक एवं नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी घनश्यामदास कुकरेजा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय सिंधू सभा राजस्थान एवं जयपुर महानगर के प्रमुख पदाधिकारियों ने संगठन की गतिविधियों और आगामी योजनाओं पर चर्चा की।
प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर मोरवानी ने सभा की संगठनात्मक संरचना पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पूरे राजस्थान में 150 इकाइयाँ गठित की जा चुकी हैं और सभी इकाइयों में वार्षिक कार्यक्रम कैलेंडर के अनुसार गतिविधियाँ संचालित हो रही हैं।
प्रदेश मातृशक्ति अध्यक्षा शोभा बंसतानी ने जानकारी दी कि महिलाओं की 50 इकाइयाँ सक्रिय रूप से कार्यरत हैं और संगठन का विस्तार निरंतर हो रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में आयोजित प्रदेश स्तरीय मातृशक्ति सम्मेलन में सामाजिक सुधार हेतु 11 सूत्रीय प्रस्ताव पारित किए गए, जिनके माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।

सभा के संरक्षक मोहनलाल वाधवानी ने सभा ट्रस्ट के गठन एवं भावी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार से भूमि आवंटन के बाद “सिन्धु-धाम” का निर्माण किया जाएगा, जो सिंधी समाज के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा।
चित्तौड़गढ़ निवासी वंदना वज़ीरानी ने अपने उद्बोधन में धर्मांतरण और लव-जिहाद जैसी समस्याओं पर चिंता जताते हुए युवा पीढ़ी के संस्कार पर बल देने की आवश्यकता बताई।
राष्ट्रीय संरक्षक घनश्यामदास कुकरेजा ने राजस्थान प्रदेश सिंधू सभा के संगठनात्मक कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त की और नागपुर में होने वाले आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। उन्होंने जयपुर में संगठन का कार्यालय स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए व्यक्तिगत रूप से 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इस पर मोहनलाल वाधवानी ने भी 1 लाख रुपये का सहयोग देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में प्रदेश सह-महासचिव नवल किशोर गुरनानी ने राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद द्वारा संचालित सिंधी भाषा पाठ्यक्रम की जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय मंत्री किशनचंद भागवानी, जयपुर संभाग प्रभारी हीरालाल तोलानी, महानगर संगठन मंत्री शिवकुमार, विधि मंत्री मनोहर चंचलानी, मातृशक्ति मंत्री सीमा गोलानी, जवाहर नगर जिला अध्यक्ष कन्हैयालाल माधू, मुरलीपुरा जिला अध्यक्ष मनोज भंभानी, राजेश सामतानी, राजस्थान केटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज सेवानी सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन महानगर अध्यक्ष विष्णुदेव सामतानी ने किया तथा आभार ज्ञापन महानगर मंत्री अशोक छाबड़ा ने व्यक्त किया।
अंत में जय झूलेलाल के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
हीरालाल तोलानी – जयपुर संभाग प्रभारी
विष्णुदेव सामतानी – अध्यक्ष
अशोक छाबड़ा – मंत्री
भारतीय सिंधू सभा, जयपुर महानगर