भाजपा में कई पॉवर सेंटर, विधायक दर-दर भटक रहे: पायलट

Telegraph Times
Lokendra Singh

पाली:पूर्व उप मुख्यमंत्री और टॉक से कांग्रेस विधायक सचिन पायलट ने जिले और संभाग रद्द करने के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा से विधानसभा में पूछेंगे कि किस आधार पर जिले-संभाग निरस्त किए हैं।

पायलट सोमवार को पाली और उदयपुर जिलों के दौरे पर रहे। सचिन पायलट राज्यमंत्री ओटाराम देवासी के पाली स्थित मुंडारा (बाली) स्थित आवास पर पहुंचे। देवासी की माताजी के निधन पर शोक प्रकट किया और परिवार को सांत्वना दी। पाली में पत्रकारों से बातचीत में पायलट ने कहा कि भाजपा के राज में युवा, किसान सब परेशान हैं। रोजगार के नाम पर युवाओं से छलावा किया जा रहा है। सबसे बड़ी समस्या शिक्षित युवाओं के सामने है। उन्हें रोजगार नहीं मिल रहा। शिक्षित बेरोजगारी चरम पर है। भाजपा देश की जनता को भ्रमित कर रही है। इससे पहले पाली के देसूरी पहुंचने पर सचिन पायलट का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

पायलट ने कहा कि भाजपा सरकार ने बिना सोचे समझे जिलों और संभाग को निरस्त कर दिया। विधानसभा में उनसे पूछेंगे कि किस आधार पर कांग्रेस राज में बने जिले और संभाग रद्द किए गए हैं। भाजपा सरकार का यह फैसला गलत है। एक साल बाद ऐसा क्या बदल गया कि सरकार को यह फैसला लेना पड़ा। सरकार ने न तो कोई भौगोलिक मापदंड तय किए और न कोई पारदर्शी आधार बनाया। अगर सरकार के पास कोई स्पष्ट मापदंड होते. तो इस विषय पर चर्चा की जा सकती थी। मनमाने तरीके से लिए गए इस फैसले पर सरकार से जवाब मांगेंगे।

पायलट का काफिला पाली के देसूरी, घाणेराव, सादती, मुंडारा, बाली, फालना, सांडेराव, पोमावा, सुमेरपुर होते हुए सिरोही पहुंचा। रास्ते में जगह-जगह उनका स्वागत किया गया।

उदयपुर में पायलट ने कहा कि राजस्थान सरकार ने इंग्लिश स्कूल बंद कर दिए, जिले खत्म कर दिए। ये फैसले नकारात्मक हैं। प्रदेश में अफसरशाही हावी है। सरकार में बहुत सारे पॉवर सेंटर बने हुए हैं। सत्ता दल के विधायक दर-दर भटक रहे हैं। सरकार की जवाबदेही तय हो, इसके लिए हम विधानसभा में अपनी बात रखेंगे।

सरकार को पारदर्शिता से अपनी बात रखनी चाहिए। सदन में हर विषय पर चर्चा हो। सरकार जवाब दे, हम हमेशा सदन चलाने के पक्ष में हैं।

उन्होंने कहा कि आज हम विपक्ष में हैं लेकिन कार्यकर्ताओं को जहां जरूरत होती है वहां हम जाते हैं। एक परिवार के रूप में हम काम कर रहे हैं, यही हमारी ताकत है। हमें सत्ता में भी काम करने का मौका मिला और विपक्ष में भी। प्रदेश के लोग, कार्यकर्ता और राजस्थान की मिट्टी से मेरा संबंध ही मेरी उपलब्धि है।

पायलट ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी को जनता ने कई मौके दिए। पिछले 10-12 साल से केंद्र-राज्य में दिल्ली को लेकर वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। इसमें दिल्ली के लोग पिस रहे हैं। कांग्रेस पार्टी बेहतर विकल्प है।

दिल्ली में शीला दीक्षित की कांग्रेस सरकार के वक्त हुए विकास को जनता आज भी याद करती है। शीशमहल और राजमहल में कितना रुपया खर्च हुआ, इन पर्चाओं से हटकर कांग्रेस ने दिल्ली के विकास का मजबूत ब्लू प्रिंट तैयार किया है। कांग्रेस मजबूती से लड़ेगी और परिणाम अच्छे आएंगे। कांग्रेस का परफॉरमेंस बेहतर रहेगा।

केजरीवाल पर हमले को लेकर पायलट ने कहा कि हिंसा का राजनीति में कोई स्थान नहीं होना चाहिए। लेकिन जनता जवाब मांग रही है। आप और भाजपा आरोप-प्रत्यारोप में फंसी हैं।

इंडिया गठबंधन पर पायलट ने कहा कि यह गठबंधन पहले भी मजबूत था, अब भी मजबूत है। भाजपा को चुनौती देने के लिए नेशनल लेवल पर कोई दल है तो वह कांग्रेस है।

spot_imgspot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

शीतला माता मंदिर में भव्य जागरण संपन्न, आज होगी पूजा-अर्चना

शीतला माता मंदिर में भव्य जागरण संपन्न, आज होगी...