भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन सिंह राठौड़ से मिला व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल, परकोटा क्षेत्र के नियमितिकरण की उठाई मांग
Edited By : लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
जून 28,2025
जयपुर, 28 जून।
जयपुर के परकोटा क्षेत्र में व्यावसायिक परिसरों की नियमितिकरण की मांग को लेकर व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन सिंह राठौड़ से मिला। यह प्रतिनिधिमंडल किशनपोल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी चन्द्र मोहन बटवाड़ा के साथ प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचा और राठौड़ को इस विषय में एक ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेशाध्यक्ष को जानकारी दी कि परकोटा क्षेत्र के 19 व्यावसायिक परिसरों को लेकर हाईकोर्ट में मुकदमे चल रहे हैं, जिससे व्यापारी वर्ग भारी मानसिक व आर्थिक दबाव में है। उन्होंने अनुरोध किया कि राज्य सरकार स्तर पर एक विशेष समिति गठित कर शीघ्र नीतिगत निर्णय लेते हुए स्पष्ट गाइडलाइन जारी की जाए ताकि इन परिसरों का नियमन हो सके और व्यावसायिक गतिविधियों को स्थायित्व मिल सके।
व्यापारियों ने यह भी कहा कि परकोटा क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान को बचाए रखते हुए विकास किया जाना चाहिए और मौजूदा व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को कानूनी रूप से सुरक्षित किया जाना आवश्यक है।
इस अवसर पर जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल, महामंत्री सुरेश सैनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेन्द्र बज और कार्यकारी अध्यक्ष हरीश केडिया ने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। साथ ही परकोटा विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुनिल बख्शी, महामंत्री प्रदीप गुप्ता, सिद्धि विनायक व्यापार मंडल के अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल, नरेश जैन, मनोज गोयल, हनुमान मंगल, गजेन्द्र कासलीवाल, विजय गोयल, मुकेश ताम्बी, ओम प्रकाश लालवानी सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
मदन सिंह राठौड़ ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि इस संबंध में समुचित कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा व्यापारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और उनकी सुरक्षा व सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।
व्यापारियों ने राठौड़ से अपेक्षा जताई कि वे राज्य सरकार पर दबाव बनाकर इस मुद्दे को प्राथमिकता दिलाएं ताकि परकोटा क्षेत्र के हजारों व्यापारियों को राहत मिल सके।

