नाबालिग की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार
| गौरव कोचर
जयपुर, 24 फरवरी 2026: जयपुर उत्तर जिला पुलिस ने सनसनीखेज हत्या के मामले में तत्परता दिखाते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर वारदात का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
क्या था मामला?
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करन शर्मा (IPS) ने बताया कि 23 फरवरी 2026 को शास्त्रीनगर निवासी हनीफ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, उनके 16 वर्षीय भांजे आदिल को 22 फरवरी की रात अरबाज उर्फ भाटी और उसके साथियों ने चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उपचार के दौरान आदिल की मृत्यु हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 61(2)(a) के तहत प्रकरण संख्या 42/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीक से सुलझी गुत्थी
वारदात के बाद आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी डेटा का गहन विश्लेषण किया। मुखबिर तंत्र के सटीक समन्वय और पुलिस की घेराबंदी के कारण फरार होने की फिराक में घूम रहे मुख्य आरोपियों को दबोच लिया गया। पुलिस अब घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और फरार अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- अरबाज भाटी (20): पुत्र रईश, निवासी विजय नगर कच्ची बस्ती, भट्टाबस्ती, जयपुर।
- समीर कुरैशी (19): पुत्र हाजी इलियास, निवासी विजय नगर कच्ची बस्ती, भट्टाबस्ती, जयपुर।
कार्यवाही करने वाली पुलिस टीम:
करन शर्मा (DCP उत्तर), बजरंग सिंह (ADCP उत्तर द्वितीय), सुरेन्द्र सिंह (ACP शास्त्रीनगर), दीपक त्यागी (थानाधिकारी भट्टाबस्ती) एवं हिम्मत सिंह (थानाधिकारी विद्याधर नगर)।
