भगवान बिरसा मुंडा के जीवन मूल्यों से विद्यार्थियों को कराया गया परिचित
जनजातीय गौरव वर्ष के तहत जयपुर जिले के विद्यालयों में विविध कार्यक्रमों का आयोजन
गौरव कोचर •
जयपुर, 3 नवम्बर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेशभर में भगवान बिरसा मुंडा जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव वर्ष के तहत प्रेरणादायी कार्यक्रमों की श्रृंखला आरम्भ हुई है। इसी क्रम में जयपुर जिले के सभी राजकीय विद्यालयों में सोमवार को विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षशील जीवन, आदर्शों और देश के स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान से अवगत करवाया गया।

जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशानुसार आयोजित इन गतिविधियों में विद्यालयों में भाषण, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में हजारों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भगवान बिरसा मुंडा के जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती प्रतिभा वर्मा ने बताया कि 1 से 15 नवम्बर 2025 तक जिलेभर में जनजातीय गौरव वर्ष के तहत विविध गतिविधियों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। राज्य सरकार द्वारा यह पहल भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों और उनके समाज सुधारक योगदान को जन-जन तक पहुँचाने तथा वंचित वर्गों को योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि आगामी कार्यक्रमों के तहत
- 4 नवम्बर को महाविद्यालयों में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, विचार एवं योगदान पर भाषण, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
- 6 नवम्बर को राजीविका के सहयोग से पंचायत समिति स्तर पर खिलौना निर्माण कार्यशालाएं आयोजित होंगी, जिनका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार एवं नवाचार से जोड़ना है।
- इसके अलावा माडा क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
- 15 नवम्बर तक विभिन्न जनजागरण, सांस्कृतिक एवं विकासपरक गतिविधियाँ निरंतर आयोजित की जाएंगी।
श्रीमती वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास को जनसहभागिता का अभियान बना रही है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आरम्भ हुई यह श्रृंखला समाज के आदिवासी गौरव, स्वाभिमान और संस्कृति को सम्मान देने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल है।