जयपुर/सुनील शर्मा/भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत दूसरी ब्रिक्स पर्यटन कार्य समूह (टीडब्ल्यूजी) की बैठक जयपुर में आयोजित हुई। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार ने की। बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और वैश्विक पर्यटन को नई दिशा देने पर गहन मंथन किया।

यह सत्र 25 मई को वर्चुअल माध्यम से आयोजित पहली टीडब्ल्यूजी बैठक के क्रम में आगे बढ़ाया गया, जिसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच पर्यटन सहयोग को और अधिक सशक्त बनाना है।
बैठक का मुख्य विषय और प्राथमिकताएं
बैठक का आयोजन “मजबूती, नवाचार, सहयोग एवं स्थिरता के लिए निर्माण” विषय के अंतर्गत किया गया। कार्य समूह ने स्वीकार किया कि तकनीकी बदलावों, यात्रियों की बदलती प्राथमिकताओं और पर्यावरणीय आवश्यकताओं के बीच पर्यटन आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और जन-जन के आपसी संपर्क का एक सशक्त माध्यम है।
भारत की अध्यक्षता के तहत चिन्हित 4 प्रमुख प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा हुई:
- कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) एवं पर्यटन: पर्यटन क्षेत्र में उभरती तकनीकों का जिम्मेदार और स्मार्ट उपयोग सुनिश्चित करना।
- स्थिरता एवं जिम्मेदार पर्यटन: पर्यावरण अनुकूल और समुदाय-केंद्रित पर्यटन मॉडल को बढ़ावा देना।
- कौशल विकास व क्षमता निर्माण: पर्यटन क्षेत्र में कार्यरत कार्यबल का प्रशिक्षण और मानव पूंजी का विकास।
- पर्यटन आदान-प्रदान एवं निर्बाध यात्रा: सदस्य देशों के बीच यात्रा प्रक्रियाओं को सुगम बनाना और कनेक्टिविटी को मजबूत करना।
पर्यटन मंत्रियों की बैठक का आधार बनेगी यह चर्चा
पर्यटन सचिव भुवनेश कुमार ने कहा कि पहली बैठक और उसके बाद के संवादों से भारत के ब्रिक्स पर्यटन ट्रैक को नई गति मिली है। भारत की अध्यक्षता ने स्मार्ट पर्यटन, कौशल विकास और सस्टेनेबिलिटी पर केंद्रित सहयोग को प्राथमिकता दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य समूह के विचार-विमर्श के निष्कर्ष आगामी ब्रिक्स पर्यटन मंत्रियों की बैठक के लिए एक महत्वपूर्ण आधार तैयार करेंगे।
राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होंगे प्रतिनिधि
आयोजन के तहत ब्रिक्स प्रतिनिधिमंडल जयपुर के प्रमुख ऐतिहासिक व पर्यटन स्थलों—हवा महल, सिटी पैलेस और आमेर पैलेस—का भ्रमण करेगा, जिससे वैश्विक प्रतिनिधियों को राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और स्थापत्य विरासत को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर मिलेगा।