ब्रह्मा मंदिर बाजार से हटाया गया अस्थायी अतिक्रमण, फिर भी अतिक्रमणकारी नहीं मान रहे बाज
By : सुनील शर्मा
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 07,2025
हरिप्रसाद शर्मा | पुष्कर/अजमेर
पुष्कर नगर परिषद द्वारा गुरुवार सुबह ब्रह्मा मंदिर के आस-पास के क्षेत्र में अस्थायी अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। हालांकि, इस कार्रवाई के कुछ ही समय बाद अतिक्रमणकारी दोबारा अपनी पुरानी जगहों पर आ बैठे, जिससे नगर परिषद की सख्ती पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रशासनिक कार्रवाई की शुरुआत
नगर परिषद आयुक्त जनार्दन शर्मा के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई, जिसमें अतिक्रमण दस्ते के प्रभारी लोकेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई की। इस दौरान दुकानदारों और ठेला चालकों द्वारा किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया और कुछ सामान जब्त भी किया गया।
श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी
ब्रह्मा मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होती है, लेकिन अतिक्रमण के कारण उन्हें आने-जाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यहां तक कि मंदिर परिसर में यात्रियों के बैठने के लिए रखी गई कुर्सियों पर भी अतिक्रमणकारियों ने कब्जा कर लिया है, जिससे श्रद्धालुओं को बैठने की भी जगह नहीं मिल रही।
कार्रवाई के बाद भी ढीठ अतिक्रमणकारी
नगर परिषद की ओर से की गई सख्त कार्रवाई के बावजूद, अतिक्रमण हटते ही दुकानदार और ठेले वाले तुरंत दोबारा उसी स्थान पर बैठ गए। इससे साफ होता है कि प्रशासन की एकमुश्त कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।
स्थायी समाधान की आवश्यकता
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि नगर परिषद को नियमित निगरानी और कठोर कार्रवाई की आवश्यकता है। केवल एक-दो बार की कार्रवाई से स्थिति में कोई बड़ा सुधार नहीं होगा।
