ब्रह्मपुरी फायरिंग मामले में बड़ी सफलता: बदमाशों को बाइक और पैसे देने वाला मददगार गिरफ्तार, मुख्य आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम
| गौरव कोचर
जयपुर। राजधानी के गंगापोल इलाके में 19 जनवरी को हुई फायरिंग की घटना में जयपुर उत्तर जिला पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को धर दबोचा है। पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करन शर्मा के अनुसार, इस वारदात में बदमाशों को संसाधन उपलब्ध कराने और उनकी फरारी में मदद करने वाले विकास प्रजापत को गिरफ्तार कर लिया गया है।
क्या थी घटना?
19 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे गंगापोल के कोली मोहल्ला में बदमाश रवि मेहरा ने अपने साथी के साथ बाइक पर आकर राधामोहन उर्फ बबलू पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई थी। गोली राधामोहन की जांघ में लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संबंध में पीड़ित के पिता रतन लाल ने ब्रह्मपुरी थाने में मामला दर्ज कराया था।
मददगार गिरफ्तार, मुख्य शूटरों की तलाश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नीरज पाठक और सहायक पुलिस आयुक्त आमेर सुरेंद्र सिंह राणावत के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। तकनीकी सहायता और आसूचना के आधार पर पुलिस ने पाया कि वारदात में विकास प्रजापत ने मुख्य आरोपियों को अपनी मोटरसाइकिल और पैसे देकर सहयोग किया था।
- गिरफ्तार आरोपी: विकास प्रजापत (25 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती, नाहरगढ़ रोड। पुलिस ने उसे 24 जनवरी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है।
- इनामी बदमाश: मुख्य आरोपी रवि मेहरा और राहुल टांटिया अभी फरार हैं। पुलिस उपायुक्त ने इन दोनों वांछित अपराधियों पर 10-10 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया है।
अपराधियों पर चला प्रशासन का डंडा
पुलिस और प्रशासन ने अपराधियों को कड़ा संदेश देने के लिए मुख्य आरोपी रवि मेहरा के मेहरा बस्ती (गंगापोल) स्थित मकान पर बड़ी कार्रवाई की है। 23 जनवरी को नगर निगम ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से आरोपी के मकान में किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
पुलिस अब गिरफ्तार विकास प्रजापत से पूछताछ कर फरार बदमाशों के ठिकानों का पता लगाने में जुटी है।

