बीसी के नाम पर ठगी करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार, 70 से ज्यादा लोगों से की एक करोड़ की धोखाधड़ी
मोटा मुनाफा और समय पर लोन दिलाने का झांसा देकर बनाया शिकार
(हरिप्रसाद शर्मा, पुष्कर / संपादन : सुनील शर्मा, टेलीग्राफ टाइम्स)
अजमेर। शहर में अवैध रूप से बीसी (कमिटी) संचालित कर ठगी करने वाले दो सगे भाइयों को क्लॉक टॉवर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अब तक 70 से ज्यादा लोगों से लगभग एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है।
थानाप्रभारी वीरेन्द्र सिंह शेखावत के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रमेश मीणा (42) और कुलदीप बंजारा, निवासी बंजारा बस्ती अजमेर शामिल हैं। दोनों ने लोगों को मोटा मुनाफा और समय पर लोन उपलब्ध कराने का झांसा देकर योजनाओं में शामिल किया।
शुरुआती महीनों में आरोपियों ने कुछ लोगों को रकम लौटाकर भरोसा जीत लिया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों से हर महीने तय राशि जमा करवाई गई। लेकिन अचानक दोनों भाई पैसे लेकर गायब हो गए। पीड़ित जब अपनी रकम मांगने पहुंचे तो टालमटोल की गई और बाद में आरोपियों ने मोबाइल नंबर भी बंद कर दिए।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने विशेष टीम गठित की। तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। फिलहाल उनके बैंक खाते सीज कर दिए गए हैं और पुलिस पूछताछ में और बड़े खुलासों की संभावना जता रही है।
अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह में अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अवैध बीसी या निवेश योजना में शामिल होने से पहले उसकी पूरी जानकारी जरूर लें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।