बीकानेर हाउस में राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन
नरेश गुनानी
23 सितम्बर 2025, 05:13 PM, नई दिल्ली। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयुर्वेदिक विभाग द्वारा नई दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस में मंगलवार को 10वां आयुर्वेद दिवस मनाया गया। इस अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें आयुर्वेद को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान बीकानेर हाउस स्थित राजकीय चिकित्सालय की प्रभारी डॉ. मंजीत कौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आयुर्वेद दिवस पर दिए गए संदेश का वाचन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के संदेश में वर्णित आयुर्वेद के विश्व पटल पर विस्तार और मानवता के कल्याण में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
डॉ. कौर ने इस वर्ष की थीम “Ayurveda for People and Planet” को रेखांकित करते हुए बताया कि नारी पोषण, स्वास्थ्य पखवाड़ा और विभिन्न जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से आयुर्वेद को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आयुर्वेद की प्राचीन परंपरा को आधुनिक शोध और तकनीक से जोड़कर वैश्विक स्वास्थ्य सेवा में इसका योगदान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पूर्व में आयुर्वेद दिवस धनतेरस पर धन्वंतरि जयंती के अवसर पर मनाया जाता था, लेकिन भारत सरकार और आयुष मंत्रालय के निर्णय अनुसार अब इसे हर वर्ष 23 सितंबर को मनाया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. कविता मीणा, डॉ. गायत्री, डॉ. सविता अग्रवाल, डॉ. अन्नू भार्गव, डॉ. प्रवीण मीणा, डॉ. सोहैल सहित बीकानेर हाउस स्थित विभिन्न राजकीय कार्यालयों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित विशेषज्ञों ने आयुर्वेद के वैज्ञानिक दृष्टिकोण, स्वास्थ्य संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण में इसकी भूमिका पर अपने विचार साझा किए तथा आमजन को आयुर्वेद अपनाने के लिए प्रेरित किया।