बीकानेर से पीएम मोदी का प्रहार: “जब सिंदूर बारूद बनता है, तो अंजाम दुनिया देखती है”
Edited By: नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 22, 2025
(रिपोर्ट: हरिप्रसाद शर्मा)
बीकानेर, पलाना – 22 मई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीकानेर के पलाना गांव में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पाकिस्तान पर तीखा प्रहार किया और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को भारत के रौद्र रूप का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि भारत ने उन आतंकवादियों को मिट्टी में मिला दिया है, जिन्होंने हमारी बहनों की मांग का सिंदूर मिटाने की जुर्रत की थी।
मोदी ने कहा, “जो हिंदुस्तान का लहू बहाते थे, आज उन्हें कतरे-कतरे का हिसाब चुकाना पड़ रहा है। अब पाकिस्तान से न कोई बातचीत होगी, न कोई व्यापार। अगर बात होगी तो सिर्फ पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) की होगी।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश ने अब स्पष्ट संदेश दे दिया है—हर आतंकवादी हमले की कीमत पाकिस्तान को चुकानी पड़ेगी। उन्होंने दो टूक कहा कि यह कीमत पाकिस्तान की सेना और अर्थव्यवस्था दोनों अदा करेंगे।
सेना को खुली छूट, 22 मिनट में बदला
मोदी ने कहा कि सरकार ने देश की तीनों सेनाओं को खुली छूट दी थी और उन्होंने ऐसा चक्रव्यूह रचा कि पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया। उन्होंने पलटवार की तीव्रता को दर्शाते हुए कहा, “22 तारीख का बदला हमने 22 मिनट में ले लिया।”
उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को बहनों के सम्मान की रक्षा के लिए देश की प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया।
आतंकवादियों को दी कल्पनातीत सजा
प्रधानमंत्री ने पहलगाम हमले को याद करते हुए कहा कि आतंकवादियों ने धर्म पूछकर 140 निर्दोषों को गोलियों से छलनी किया था। “उनकी गोलियों ने हमारी बहनों की मांग उजाड़ दी थी। उस दिन देश ने संकल्प लिया कि आतंकवादियों को मिटा कर रहेंगे – और हमने कर दिखाया,” उन्होंने कहा।
विकसित भारत का संकल्प
मोदी ने जोर देते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए सुरक्षा और समृद्धि दोनों आवश्यक हैं। “भारत का हर कोना मजबूत होगा, तभी देश तेज गति से आगे बढ़ेगा। आज का यह कार्यक्रम भारत के तेज विकास का प्रमाण है।”
पाकिस्तान को नहीं मिलेगा भारत का पानी
पीएम ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि भारत अब अपने अधिकार के पानी की एक बूंद भी पाकिस्तान को नहीं देगा। “अब भारतियों के खून से खेलना पाकिस्तान को बहुत महंगा पड़ेगा। यह संकल्प है भारत का और इस संकल्प को कोई ताकत नहीं रोक सकती,” उन्होंने कहा।
प्रधानमंत्री मोदी के इस भाषण को राष्ट्रवादी भावनाओं से ओतप्रोत और आतंकवाद पर सख्त नीति का ऐलान माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया कि नया भारत न केवल अपने लोगों की रक्षा करेगा बल्कि हमलावरों को करारा जवाब भी देगा।

