बीकानेर: बारिश से जर्जर हुई जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की बिल्डिंग, अधिकारी दूसरी जगह शिफ्ट, सीडीईओ दफ्तर अब भी खतरे में
By : नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 06,2025
बीकानेर। पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश ने शहर की कई पुरानी इमारतों को कमजोर और जर्जर कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि कई भवन ढहने लगे हैं, जिससे आमजन के साथ-साथ सरकारी दफ्तर भी संकट में आ गए हैं। इसी कड़ी में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय की बिल्डिंग भी गंभीर रूप से जर्जर हो गई है। स्थिति को देखते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इस बिल्डिंग को बंद कर ताला लगा दिया और कार्यालय को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार, इस भवन में तीन प्रमुख कार्यालय संचालित होते थे—जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सीडीईओ (प्रारंभिक शिक्षा) कार्यालय और शारीरिक शिक्षा (खेलकूद) कार्यालय। बिल्डिंग की हालत बिगड़ने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी और खेलकूद विभाग का कार्यालय तो सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया, लेकिन सीडीईओ कार्यालय अब भी इसी जर्जर भवन में संचालित हो रहा है। इससे यहां काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जान पर हर दिन खतरा बना हुआ है।
सीडीईओ कार्यालय के एक कर्मचारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि यह बिल्डिंग कई वर्षों से जर्जर स्थिति में है। करीब पांच दिन पहले जिला शिक्षा अधिकारी ने ताला लगाकर कार्यालय को दूसरी जगह स्थानांतरित किया, लेकिन अब तक भवन की मरम्मत या ध्वस्तीकरण का कोई काम शुरू नहीं हुआ है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में इस इमारत के कभी भी ढहने का खतरा है, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय लोग और कार्यालय कर्मचारी प्रशासन से जल्द से जल्द इस भवन को खाली करवाने और सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग कर रहे हैं, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।