बीकानेर और अहमदाबाद के बीच दैनिक रेल संपर्क शुरू, रेल मंत्रियों ने दिखाई हरी झंडी; राजस्थान के सीमांत क्षेत्रों में मजबूत होगा रेलवे नेटवर्क

नरेश गुनानी 

बीकानेर। राजस्थान के सीमांत और मरुस्थलीय क्षेत्रों को मजबूत रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में रविवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय विधि एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर रेलवे स्टेशन से बीकानेर–लालगढ़–अहमदाबाद (साबरमती) एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ किया। दोनों मंत्रियों ने इस नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सीमांत गांवों तक पहुंचेगी रेलवे: अश्विनी वैष्णव

​ट्रेन के शुभारंभ अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेल मंत्रालय द्वारा राजस्थान के सीमांत क्षेत्रों को मजबूत रेल नेटवर्क से जोड़ने की महत्वाकांक्षी योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।

  • ​इसके तहत बीकानेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर और बाड़मेर जिलों के अनेक गांवों को रेलवे सुविधा से जोड़ने का प्रकल्प हाथ में लिया गया है, जिसकी डीपीआर (DPR) बनाने सहित विभिन्न प्रक्रियाएं प्रगति पर हैं।
  • ​प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर के 1,300 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इस कड़ी में बीकानेर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए जून माह में पुनः टेंडर जारी किया जाएगा। जैसलमेर सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
  • ​लालगढ़ से बीकानेर रेलवे स्टेशन तक रेल लाइन का दोहरीकरण किया जाएगा। साथ ही, नाल से पालना तक रेलवे बाईपास निर्माण की योजना है, जिससे मालगाड़ियों का शहर के भीतर आवागमन कम होगा और यातायात सुगम होने के साथ प्रदूषण में भी कमी आएगी।
  • ​प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए 24 मॉडल कार्गो गति शक्ति टर्मिनल विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें बीकानेर क्षेत्र के आसपास छह कार्गो टर्मिनल शामिल हैं। वर्तमान में राजस्थान में लगभग 76 हजार करोड़ रुपये के रेल विकास कार्य प्रगति पर हैं और इस वर्ष राज्य को 10,228 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट आवंटित किया गया है।

कोटगेट और सांखला फाटक समस्या का होगा समाधान: अर्जुन राम मेघवाल

​केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इसे बीकानेर के लिए एक ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि बीकानेर से अहमदाबाद तक शुरू हुई यह रेल सेवा हजारों यात्रियों के लिए वरदान सिद्ध होगी। उन्होंने बीकानेर–दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन के लिए रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया।

​मेघवाल ने स्थानीय निवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि शहर के कोटगेट रेलवे फाटक तथा सांखला रेलवे फाटक जैसी वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में रेल मंत्रालय के सहयोग से तेजी से कार्य आगे बढ़ रहा है।

नई एक्सप्रेस ट्रेन की मुख्य विशेषताएं और मार्ग

​यह नई रेल सेवा गुजरात और राजस्थान के बीच सीधा, तेज एवं सुविधाजनक रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी और दोनों राज्यों के प्रमुख पर्यटन व सांस्कृतिक स्थलों को आपस में जोड़ेगी।

  • दूरी और आवृत्ति: यह ट्रेन लगभग 740 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसके शुरू होने से बीकानेर और अहमदाबाद के बीच दैनिक (Daily) रेल संपर्क स्थापित हो गया है।
  • प्रमुख पर्यटन स्थलों का जुड़ाव: इस ट्रेन के माध्यम से गुजरात के साबरमती रिवरफ्रंट, मोढेरा सूर्य मंदिर, पाटन की रानी की बाव और अहमदाबाद की समृद्ध विरासत का सीधा संपर्क राजस्थान के जूनागढ़ किला, करणी माता मंदिर, लालगढ़ पैलेस तथा बीकानेर के मरुस्थलीय पर्यटन स्थलों से हो जाएगा।
  • लाभान्वित जिले: यह सेवा गुजरात के अहमदाबाद, महेसाणा, पाटन एवं बनासकांठा तथा राजस्थान के जालौर, बालोतरा, जोधपुर, नागौर और बीकानेर जिलों के यात्रियों को लाभान्वित करेगी।

ट्रेन के प्रमुख ठहराव (Stoppages):

​साबरमती, महेसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा, बीकानेर एवं लालगढ़ स्टेशन।

 

समारोह में ये रहे उपस्थित

​इस ऐतिहासिक अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी, खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत उपस्थित रहे। रेलवे प्रशासन की ओर से उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ, मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल सहित श्याम पंचारिया, सुमन छाजेड़, चंपालाल गेदर, अन्य जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related