जयपुर पुलिस ने मलेशिया से जुड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का किया भंडाफोड़
| गौरव कोचर
जयपुर। जयपुर दक्षिण पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी स्ट्राइक करते हुए एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो बिटकॉइन माइनिंग में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी कर रहा था। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह मलेशिया में बैठकर सोशल मीडिया के माध्यम से जाल बुनता था और अब तक करीब 244 लोगों को अपना शिकार बना चुका है।
कार्यवाही का विवरण
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज (IPS) ने बताया कि साइबर ठगों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त सोडाला सुनिल शर्मा के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और पारंपरिक पुलिसिंग का उपयोग करते हुए होटल पदमावती पैलेस (किंग्स रोड) में चल रही एक मीटिंग के दौरान दबिश देकर तीन आरोपियों को दस्तयाब किया।
ठगी का तरीका: 16% मुनाफे का लालच
गिरोह का मुख्य सरगना अविनाश शर्मा लोगों को ‘bitmine.world’ नामक इंटरनेशनल कंपनी के मल्टी लेवल मार्केटिंग प्लान का झांसा देता था। आरोपियों ने पीड़ितों को मलेशिया में लगे माइनिंग सर्वर रूम के फर्जी वीडियो दिखाकर निवेश के लिए प्रेरित किया। वे निवेश पर 16% मासिक रिटर्न और नए सदस्य जोड़ने पर 5 USDT का रेफरल बोनस देने का प्रलोभन देते थे। एकत्रित की गई नकदी से अविनाश USDT (क्रिप्टो करेंसी) खरीदकर मलेशिया भेज देता था। जैसे ही पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया, शातिरों ने सर्वर डाउन कर लोगों को सिस्टम से बाहर कर दिया।
बरामदगी और अनुसंधान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सामग्री बरामद की है:
- नकदी व करेंसी: 37 मलेशियाई रिंगिट, 40 यूएई दिरहम।
- उपकरण: 10 एटीएम कार्ड, 1 लैपटॉप, 4 मोबाइल और 1 करेंसी काउंटिंग मशीन।
- बैंक खाते: मुख्य आरोपी की दो आईडी में करीब 1.98 करोड़ डॉलर का लेनदेन पाया गया है। गैंग के बैंक खातों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर पोर्टल पर 7 शिकायतें पहले से दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
- अविनाश शर्मा (29 वर्ष): निवासी हनुमान वाटिका, आमेर, जयपुर (मुख्य सरगना)।
- जितेन्द्र सिंह (46 वर्ष): निवासी रेलवे ऑफिसर कॉलोनी, कनकपुरा, जयपुर।
- चमनसिंह (52 वर्ष): निवासी शेखावाटी नगर, हरमाड़ा, जयपुर।
कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम
दलबीर सिंह पु.नि. थानाधिकारी श्याम नगर, विशम्भर पु. नि. प्रभारी DST, लोकेश कुमार हैड कानि. 634 साइबर सेल जयपुर दक्षिण
