गुलाब सर्कल से बस स्टैंड मार्ग तक चला सफाई अभियान, अतिक्रमण हटाकर दिया सुगमता का संदेशप्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बालोतरा बनाने का संकल्प
बालोतरा / नरेश गुनानी /प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 4 जुलाई को प्रस्तावित बालोतरा आगमन और राजस्थान रिफाइनरी के बहुप्रतीक्षित शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। इस ऐतिहासिक आयोजन से पूर्व जिलेभर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दूसरे दिन, रविवार को प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत और प्रभारी सचिव हरजीलाल अटल ने खुद मैदान में उतरकर श्रमदान किया और आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया। इस महा-अभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, रिफाइनरी प्रबंधन तथा स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
गुलाब सर्कल से बस स्टैंड तक हुई सफाई, हटाए गए अतिक्रमण
पचपदरा के गुलाब सर्कल क्षेत्र में आयोजित श्रमदान कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत, प्रभारी सचिव हरजीलाल अटल, जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव, पचपदरा विधायक डॉ. अरूण चौधरी और राजस्थान रिफाइनरी के सीईओ कमलाकर सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई व्यवस्था की कमान संभाली।
तमाम अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने गुलाब सर्कल से लेकर बस स्टैंड मार्ग तक सघन सफाई अभियान चलाया। इस दौरान गुलाब सर्कल पर स्थित सेठ गुलाब चंद सालेचा की प्रतिमा को भी जल से साफ और स्वच्छ किया गया।
यातायात सुगम करने की कार्रवाई: अभियान के दौरान केवल सफाई ही नहीं की गई, बल्कि सड़क मार्ग पर आवागमन में बाधा बन रहे अवैध अतिक्रमणों को भी प्रशासन द्वारा हटाया गया, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाया जा सके।
रिफाइनरी का शुभारंभ: राजस्थान के विकास में मील का पत्थर
श्रमदान के बाद मीडिया और स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा:
”आगामी 4 जुलाई को देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राजस्थान रिफाइनरी को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह परियोजना केवल बालोतरा ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान के औद्योगिक और आर्थिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। रिफाइनरी के संचालन से क्षेत्र में नए निवेश को बढ़ावा मिलेगा, औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आएगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर पैदा होंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वच्छता को एक देशव्यापी जनआंदोलन का रूप दिया है। विकसित भारत के निर्माण में स्वच्छ भारत की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता को केवल एक सरकारी अभियान न मानकर अपनी दैनिक आदत बनाना चाहिए।
स्वच्छता केवल प्रशासन की नहीं, समाज की जिम्मेदारी: प्रभारी सचिव
प्रभारी सचिव हरजीलाल अटल ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल प्रशासन पर नहीं छोड़ी जा सकती, यह समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। यदि लोग अपने व्यवहार में बदलाव लाएं और कचरे का निस्तारण केवल निर्धारित स्थानों पर ही करें, तो गांवों और शहरों की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है। उन्होंने नागरिकों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के स्वच्छ भारत के संकल्प से जुड़ने का आग्रह किया।
जनभागीदारी से सुंदर बनेगा बालोतरा
पचपदरा विधायक डॉ. अरूण चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के बालोतरा आगमन पर जिलेवासियों का यह प्रयास है कि उन्हें एक स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बालोतरा की सौगात दी जाए। जनसहयोग के माध्यम से ही बालोतरा को प्रदेश के सबसे स्वच्छ जिलों की श्रेणी में खड़ा किया जा सकता है।
आगामी दिनों में भी जारी रहेगा अभियान
इस विशेष स्वच्छता अभियान में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय निवासियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। जिला प्रशासन के अनुसार, प्रधानमंत्री के आगमन तक जिले के सभी प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और सरकारी परिसरों में यह विशेष सफाई और सौंदर्यीकरण अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि बालोतरा एक नई और व्यवस्थित पहचान के साथ देश के सामने आए।