बारबाडोस से भारत तक गूंजा ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ – देवनानी
68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में देवनानी की सक्रिय भागीदारी, लोकतांत्रिक मूल्यों और सुशासन पर हुई सार्थक चर्चा
नरेश गुनानी • वरिष्ट पत्रकार
जयपुर, 11 अक्टूबर।
बारबाडोस में आयोजित 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन के दौरान आयोजित गवर्निंग काउंसिल बैठक में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
देवनानी ने बताया कि इस बैठक में राष्ट्रमंडल के विभिन्न सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन, बहुपक्षीय सहयोग और सतत विकास जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन विचारों के आदान-प्रदान का सशक्त मंच रहा, जिसने विश्वभर की संसदीय परंपराओं और संस्थागत सुदृढ़ीकरण के उत्कृष्ट उदाहरणों से सीखने का अवसर प्रदान किया।
देवनानी ने कहा कि भारत की संसदीय परंपरा और लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता विश्व के लिए एक प्रेरक उदाहरण है। राष्ट्रमंडल देशों के बीच सहयोग और संवाद को उन्होंने वैश्विक शासन व्यवस्था की कुंजी बताया।
भारतीय दूतावास में प्रवासी भारतीयों से संवाद
बारबाडोस स्थित भारतीय दूतावास में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ देवनानी ने प्रवासी भारतीय समुदाय से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने कहा कि विदेश में रहकर भी भारतीय मूल के लोग अपनी संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों से गहराई से जुड़े हुए हैं, जो गर्व की बात है।
संवाद के दौरान दोनों नेताओं ने भारत के विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक सहयोग के प्रयासों पर चर्चा की और प्रवासी भारतीयों को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
सिंधी समाज से आत्मीय भेंट: संस्कृति की जीवंत झलक
बारबाडोस प्रवास के दौरान देवनानी ने वहाँ बसे सिंधी समाज के सदस्यों से भेंट की। यह मुलाकात आत्मीय और भावनात्मक रही। उन्होंने कहा कि बारबाडोस का सिंधी समाज अपने परिश्रम, समर्पण और अनुशासन से न केवल स्थानीय समाज में सम्मान अर्जित कर चुका है, बल्कि भारतीय संस्कृति की गरिमा को भी जीवंत रखे हुए है।
देवनानी ने कहा कि प्रवासी भारतीय समुदाय “वसुधैव कुटुंबकम्” के विचार को साकार कर रहा है और भारतीय लोकतंत्र की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा पर गर्व व्यक्त करता है।
किंग्सटन ओवल क्रिकेट स्टेडियम का भ्रमण
प्रवास के दौरान देवनानी ने प्रसिद्ध किंग्सटन ओवल क्रिकेट स्टेडियम का भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि स्टेडियम के हर कोने में क्रिकेट की गौरवशाली परंपरा की झलक मिलती है।
उन्होंने बताया कि इसी मैदान पर भारत और साउथ अफ्रीका के बीच हुए रोमांचक मैच में भारत विजेता बना था, जो भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए गर्व का क्षण था।
भारत के लिए रवाना
बारबाडोस प्रवास पूर्ण कर देवनानी भारत के लिए रवाना हो गए हैं। वे रविवार तड़के दिल्ली पहुंचेंगे और दोपहर में जयपुर आने का कार्यक्रम है।