बाबा रामदेव नेत्र कुंभ 2025 : सेवा, समरसता और मानवता का अद्भुत उदाहरण

बाबा रामदेव नेत्र कुंभ 2025 : सेवा, समरसता और मानवता का अद्भुत उदाहरण

01 सितम्बर 2025,  | जयपुर सुनील शर्मा। टेलीग्राफ टाइम्स 

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि दुनिया में वही पूज्य होता है, जो जनकल्याण के लिए कार्य करता है। उन्होंने बताया कि बाबा रामदेव ने जीवनभर गरीबों और वंचितों की सेवा की तथा सभी मानवों की समानता में विश्वास रखा। बाबा के अनुयायी देशभर से ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान के सिंध क्षेत्र से भी श्रद्धा के साथ रामदेवरा पहुंचते हैं। मुसलमान उन्हें रामसा पीर के रूप में पूजते हैं, जो समरसता और भक्ति का अद्भुत उदाहरण है।

सोमवार को रामदेवरा में सक्षम संस्था द्वारा आयोजित बाबा रामदेव नेत्र कुंभ 2025 को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह आयोजन हमारी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ मानव सेवा और करुणा का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है और यह नेत्र कुंभ उसी सेवा भाव का सशक्त प्रतीक है।

राज्यपाल ने कहा कि आंखें ईश्वर का अनमोल उपहार हैं, जो जीवन को देखने और उसे पूर्णता से जीने की शक्ति देती हैं। उन्होंने बताया कि भारत में 50 वर्ष से अधिक आयु के 1.99 प्रतिशत लोग अंधेपन से पीड़ित हैं, जबकि 66.2 प्रतिशत लोग मोतियाबिंद जैसी गंभीर नेत्र समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में रामदेवरा में आयोजित नेत्र कुंभ एक ऐतिहासिक व सराहनीय पहल है, जो जागरूकता और उपचार दोनों का माध्यम बन रही है।

उन्होंने कहा कि नेत्र कुंभ केवल जांच या चश्मों के वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जरूरतमंदों के जीवन में नई रोशनी लाने का संकल्प है। एक माह से अधिक चले इस शिविर से लाखों लोगों को लाभ मिला है, जो इसकी अभूतपूर्व सफलता को दर्शाता है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने अभ्युदय की ओर नामक पुस्तक का विमोचन किया और नेत्र कुंभ शिविर का अवलोकन भी किया। उन्होंने शिविर में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया, मरीजों को अपने हाथों से चश्मा पहनाया और उपचार के लिए आए मरीजों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं।

राज्यपाल ने चिकित्सा सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह शिविर सेवा, करुणा और मानवता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज के उन वर्गों तक रोशनी पहुंचाते हैं, जो आर्थिक या भौगोलिक कारणों से चिकित्सा सुविधा से वंचित रहते हैं।

सक्षम संस्था के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल को शिविर की संपूर्ण कार्यप्रणाली, उपचार प्रक्रिया, नेत्र परीक्षण, चश्मों का वितरण, नेत्र ऑपरेशन की योजना और नेत्रदान अभियान से जुड़ी जानकारी दी। राज्यपाल ने संस्था के सेवाभावी कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी, राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी, सीमा सुरक्षा बल फ्रंटियर जोधपुर के महानिरीक्षक एम. एल. गर्ग, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, सक्षम संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम पुरोहित, प्रदेश सचिव कुलदीप मिश्रा, महासचिव खेताराम लीलड़, बाबा रामदेव वंशज गादीपति भोमसिंह तंवर, जिला स्तरीय अधिकारी, अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

शीर्षक: ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान: डाबड़दुंबा विद्यालय में विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, किया पौधरोपण

जयपुर/टोडारायसिंह/योगेश शर्मा/टोडारायसिंह उपखंड क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय,...