बाबा खींवादास जी की पुण्यतिथि पर सांगलिया में 100 बेड का अस्पताल बनेगा – उप मुख्यमंत्री बैरवा ने किया शिलान्यास
By : गौरव कोचर
टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर, 17 अगस्त।
सीकर जिले की दांतारामगढ़ तहसील स्थित सांगलिया धाम में रविवार को आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने 100 बेड के बनने वाले बाबा बंशीदास अस्पताल का शिलान्यास किया। इस अवसर पर केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल तथा केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
बाबा खींवादास जी का जीवन समाज सेवा को समर्पित – उप मुख्यमंत्री बैरवा
उप मुख्यमंत्री बैरवा ने कहा कि बाबा खींवादास जी ने अपने जीवन का अधिकांश समय समाज सेवा और सनातन धर्म को मजबूत करने में बिताया। उन्होंने बताया कि उनके गुरु लाल दास बाबा जी ने वर्ष 1945 में शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में क्रांतिकारी प्रयास किए। उन्होंने चार-पांच विद्यालय और एक औषधालय खोलकर समाज को नई दिशा दी। इन्हीं पदचिह्नों पर चलते हुए बाबा खींवादास जी ने शिक्षा और भजनों के माध्यम से समाज को जागरूक किया, नशा मुक्ति और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि बाबा बंशीदास अस्पताल समाज के लिए एक वरदान साबित होगा। यह अस्पताल सांगलिया धूणी की समाज सेवा और आध्यात्मिक समर्पण की परंपरा को आगे बढ़ाएगा तथा उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
सांगलिया धाम : सेवा और अध्यात्म का केंद्र
बैरवा ने कहा कि सांगलिया धूणी, जिसे लगभग 350 वर्ष पूर्व बाबा सांगाजी ने स्थापित किया था, आज समाज सेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य का मजबूत स्तंभ बन चुकी है। यहां से यह संदेश दिया गया कि सच्ची सेवा वही है जो बिना स्वार्थ के जन-जन के कल्याण के लिए हो।
केंद्रीय मंत्रियों के विचार
- केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि सांगलिया धाम ने पिछले 557 वर्षों में धर्म, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने अस्पताल के लिए भूमि दान करने वाले बुरड़क परिवार का आभार जताया और कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार इस पहल में हर संभव सहयोग करेगी।
- केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि इस अस्पताल से क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
कार्यक्रम को धोद विधायक गोर्वधन वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सांगलिया पीठाधीश्वर स्वामी ओम दास महाराज ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
समारोह में राजस्व, उपनिवेशन एवं सैनिक कल्याण विभाग राज्य मंत्री विजय सिंह, राज्य सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजौर, पूर्व सांसद सीकर सुमेधानंद सरस्वती, विधायक राजेंद्र पारीक, मनोज मेघवाल, राजेंद्र भामू, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, साधु-संत और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।