बांसवाड़ा में पीएम मोदी का जोरदार भाषण: कांग्रेस पर हमला, 90 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
रिपोर्ट हरि प्रसाद शर्मा पुष्कर, संपादन सुनील शर्मा, टेलीग्राफ टाइम्स।
जयपुर/बांसवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बांसवाड़ा से राजस्थान को 90 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने एटॉमिक पावर प्लांट का शिलान्यास किया, जोधपुर और बीकानेर में नई वंदे भारत ट्रेनें हरी झंडी दिखाकर रवाना कीं और उदयपुर में एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन किया।
मोदी ने अपने भाषण में जीएसटी, महंगाई, स्वदेशी, आदिवासी और ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जोर दिया और कांग्रेस पर 5 बड़े आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश को जख्म दिए, जिसे बीजेपी ने भरने का काम किया।
1. बिजली और स्वच्छ ऊर्जा पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के समय में गांवों में 4-5 घंटे बिजली आना बड़ी बात होती थी। बीजेपी सरकार ने हर गांव-घर तक बिजली पहुंचाई। उन्होंने स्वच्छ ऊर्जा अभियान का भी उल्लेख किया। शहरों और गांवों में छतों पर सोलर पैनल, खेतों में पीएम कुसुम योजना और घरों में पीएम सूर्य घर योजना के तहत मुफ्त बिजली दी जा रही है।
2. भ्रष्टाचार और पेपर लीक पर हमला
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के समय राजस्थान में पेपर लीक और भ्रष्टाचार चरम पर था। जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया था और महिलाओं पर अत्याचार बढ़ा। बीजेपी सरकार ने कानून व्यवस्था मजबूत की और तेजी से विकास परियोजनाओं को लागू किया।
3. आदिवासियों के लिए विशेष पहल
मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उन्होंने आदिवासियों को दशकों तक नजरअंदाज किया। बीजेपी ने पहली बार आदिवासी मंत्रालय बनाया और बड़े प्रोजेक्ट्स शुरू किए। अब आदिवासी गांव आधुनिक सुविधाओं से जुड़े हैं। देश में सैकड़ों एकलव्य मॉडल स्कूल खोले गए और वन धन योजना तथा वन उपज पर एमएसपी बढ़ाया गया।
4. महंगाई और टैक्स में राहत
प्रधानमंत्री ने जीएसटी लागू कर कांग्रेस के समय की टैक्स लूट और महंगाई को समाप्त करने का दावा किया। पहले 100 रुपये का सामान 131 रुपये में बिकता था, अब जीएसटी रिफार्म के बाद केवल 5 रुपये टैक्स लगता है। इस बदलाव से आमजन को हर महीने सैकड़ों रुपये की बचत हो रही है।
5. आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी का संदेश
पीएम मोदी ने आम जनता और व्यापारियों से स्वदेशी अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुकानदार अपनी दुकानों पर यह बोर्ड लगाएं कि “गर्व से कहो, यह स्वदेशी है।” उन्होंने जोर दिया कि आत्मनिर्भर भारत के लिए स्वदेशी उत्पादों का इस्तेमाल आवश्यक है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने कांग्रेस के 70 साल के जख्मों को मरहम लगाते हुए राजस्थान को विकास की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ाया है। उनके भाषण ने जनता और व्यापारियों में उत्साह और विकास के प्रति विश्वास बढ़ाया।
