बच्चों की शिक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहूँगा: सुशांत शुक्ला
ब्यूरो चीफ़ छत्तीसगढ़ | गणपत चौहान | टेलीग्राफ टाइम्स
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। शिक्षा को हर बच्चे का मौलिक अधिकार मानते हुए पायल एक नया सवेरा वेलफेयर फाउंडेशन ने एक सराहनीय पहल की है। फाउंडेशन ने मोहन्ती गर्ल्स स्कूल में आयोजित प्रेरणादायक एवं भावनात्मक कार्यक्रम में स्कूल की 17 बच्चियों की शिक्षा की सम्पूर्ण जिम्मेदारी लेने की घोषणा की।
कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मुख्य अतिथि रहे, जबकि विजय अग्रवाल और सुशील अग्रवाल विशिष्ट अतिथि तथा आशा अग्रवाल और पूनम श्रीवास्तव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुशांत शुक्ला ने बच्चों को स्कूल बैग, कॉपी और किताबें भेंट कीं और कहा कि वे बच्चों की शिक्षा में हर संभव सहयोग के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।
फाउंडेशन की संस्थापिका पायल लाठ ने कहा कि गोद ली गई बच्चियों की किताबें, फीस और अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं की जिम्मेदारी संस्था उठाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों को स्कूल में प्रवेश दिलाने से लेकर उनकी यूनिफॉर्म, फीस और पढ़ाई से जुड़ी हर जरूरत पूरी की जाएगी। पायल लाठ ने कहा— “शिक्षा ही ऐसा साधन है जो किसी भी बच्चे का भविष्य बदल सकता है। हमारा प्रयास है कि कोई भी बच्चा केवल आर्थिक स्थिति के कारण पढ़ाई से वंचित न हो।”
फाउंडेशन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए श्रीराम फाउंडेशन, विशाल बजाज, लोकेश ठक्कर और राहुल अग्रवाल के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर प्राचार्य अंजना लाल, प्राची बरगाह, अनिल जेम्स, एन्न लदेर, एच. मसीह, ए.एफ. हाश्मी, एस. कटारे, एम.के. वर्मा, फाउंडेशन के उपाध्यक्ष प्रशांत सिंह राजपूत, सचिव चंचल सलूजा एवं अप्पू केशरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
यह पहल न केवल शिक्षा के महत्व को रेखांकित करती है बल्कि समाज को यह संदेश भी देती है कि सामूहिक प्रयासों से बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाया जा सकता है।