फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल : डॉ. मनसुख मांडविया का आह्वान – सक्रिय जीवनशैली से बनेगा स्वस्थ भारत
By : प्रीति बालानी
टेलीग्राफ टाइम्स
नई दिल्ली/पालीताणा, 18अगस्त 2025 –
युवा कार्य एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार को गुजरात के पालीताणा स्थित अपने गृहगांव हनोल से फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल पहल में भाग लेकर देशवासियों से एक स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

दिसंबर 2024 में शुरू की गई इस पहल के तहत अब तक 46,000 से अधिक स्थानों पर आयोजन हो चुका है और 8 लाख से ज्यादा लोग इसमें शामिल हो चुके हैं। आज राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) और 3000 से अधिक नमो फिट इंडिया क्लबों के सहयोग से देशभर के 5000 स्थानों पर संडे ऑन साइकिल का विशेष संस्करण आयोजित किया गया।
फिट इंडिया ऐप पर जोर
डॉ. मांडविया ने ग्रामीण और शहरी नागरिकों से फिट इंडिया मोबाइल ऐप डाउनलोड करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह ऐप साइकिल चलाने से बचाए गए कार्बन की गणना करता है और दूरी, समय, हृदय गति सहित स्वास्थ्य से जुड़ी कई जानकारियां उपलब्ध कराता है।
उन्होंने कहा –
“साइकिल चलाना मोटापे से लड़ने का बेहतरीन साधन है और प्रदूषण के समाधान में भी मददगार है। मैं सभी से इस अभियान का हिस्सा बनने का अनुरोध करता हूं।”
दिल्ली में उत्साह
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 1200 से अधिक साइकिल चालकों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने डॉ. शिखा गुप्ता के मार्गदर्शन में रस्सी कूद, ज़ुम्बा, योग और ध्यान सत्रों का भी आनंद लिया।
राष्ट्रीय खेलों की पदक विजेता तलवारबाज बेनी क्वेभा और नाज़िया शेख ने इस आंदोलन का समर्थन किया।
बेनी क्वेभा ने कहा –
“इतनी बड़ी भीड़ के साथ साइकिल चलाने का यह मेरा पहला अनुभव है। फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल मोटापे और प्रदूषण से जुड़ी समस्याओं के बारे में जागरूकता फैलाने का शानदार प्रयास है।”
रेलवे की सक्रिय भागीदारी
पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स (पीएलडब्ल्यू) में रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (आरएसपीबी) के 100 से ज्यादा साइकिल चालकों ने भाग लिया। यह आयोजन भारतीय रेलवे के साइकिलिंग प्रशिक्षण शिविर के साथ मिलकर किया गया। आरएसपीबी ने अपने खिलाड़ियों और कर्मचारियों के बीच फिटनेस को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
व्यापक नेटवर्क
इस अभियान का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (एमवाईएएस) द्वारा भारतीय साइक्लिंग महासंघ (सीएफआई), राहगीरी फाउंडेशन, माई बाइक्स और माई भारत के सहयोग से किया जा रहा है। यह आयोजन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की राजधानियों, एसएआई क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों (एनसीओई), एसटीसी, खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्रों (केआईएससीई) और खेलो इंडिया केंद्रों (केआईसी) तक फैला हुआ है।