फलौदी की बाप नगरपालिका में नए उच्च जलाशयों का होगा निर्माण – जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री
03 सितम्बर 2025। गौरव कोचर।टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर, 3 सितम्बर। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने बुधवार को विधानसभा में जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गांवों में जल जीवन मिशन और शहरों के लिए अमृत 2.0 योजना प्रारंभ की गई है। इसी कड़ी में फलौदी की बाप नगरपालिका में भी पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाने के लिए सर्वे करवाकर आवश्यकतानुसार नए उच्च जलाशयों का निर्माण कराया जाएगा।
प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों के उत्तर में मंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र फलौदी में कुल 95 नलकूप सूख चुके हैं। इनमें से 63 नलकूपों को दुरुस्त करने की कार्यवाही की जा रही है, जबकि शेष 32 नलकूपों की भू-जल स्थिति की जांच कराकर उन्हें भी ठीक कराया जाएगा।
इससे पूर्व विधायक पब्बाराम विश्नोई के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में मंत्री ने बताया कि फलौदी जिले में 1 जनवरी 2019 से 1 अगस्त 2025 तक नलकूपों के संचालन और संधारण हेतु कुल 63 निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। इन निविदाओं का पूरा विवरण सदन के पटल पर प्रस्तुत किया गया।
मंत्री चौधरी ने यह भी स्पष्ट किया कि विभागीय नियमों के अनुसार दोष दायित्व अवधि वाले नलकूपों के संधारण की जिम्मेदारी नलकूप निर्माण करने वाले संवेदक की होती है। फलौदी जिले में दोष दायित्व अवधि वाले नलकूपों के संधारण कार्य से संबंधित भुगतान के विषय में विभाग द्वारा जांच की जाएगी और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
