प्रशिक्षु आरपीएस के 55वें बैच का दीक्षांत समारोह

प्रशिक्षु आरपीएस के 55वें बैच का दीक्षांत समारोह

जयपुर, 19 सितम्बर 2025, गौरव कोचर। टेलीग्राफ टाइम्स।

राजस्थान पुलिस अकादमी, जयपुर में शुक्रवार को राजस्थान पुलिस सेवा (प्रशिक्षु) के 55वें बैच का दीक्षांत परेड समारोह आयोजित हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस प्रशिक्षण से केवल कानून की जानकारी ही नहीं मिलती, बल्कि संवाद, सहयोग और टीम भावना भी मजबूत होती है। यही बुनियादी प्रशिक्षण पुलिस अधिकारियों के व्यक्तित्व को आकार देकर उन्हें आदर्श अधिकारी बनाता है।

Photo credit Telegraph Times

नया प्रशिक्षण भवन बनेगा, अपराध नियंत्रण प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर राजस्थान पुलिस अकादमी में नया प्रशिक्षण भवन बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे पुलिस को साइबर अपराध, आर्थिक अपराध और अन्य जटिल मामलों के लिए बेहतर तकनीकी संसाधन और इन्फ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध होगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Photo credit Telegraph Times

महिला अधिकारियों पर गर्व

दीक्षांत समारोह में शामिल 76 प्रशिक्षणार्थियों में से 20 महिला अधिकारी थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पुलिस बल को और सशक्त बना रही है। महिला पुलिस अधिकारी समाज की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और उनके सामने महिलाएं अपनी समस्याएं निसंकोच रख पाती हैं।

Photo credit Telegraph Times

बदलते अपराध स्वरूप से निपटने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। संगठित अपराध और साइबर अपराध जैसी नई चुनौतियों से निपटने के लिए पुलिस को तकनीकी रूप से कुशल और निरंतर अपडेट रहना होगा। उन्होंने डिजिटल फॉरेंसिक और साइबर सिक्योरिटी में दक्षता हासिल करने की आवश्यकता पर बल दिया।

ईमानदारी और टीमवर्क ही ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस का सबसे शक्तिशाली हथियार ईमानदारी है। पुलिस को दबाव में आए बिना धैर्य और संयम से काम करना चाहिए। उन्होंने टीमवर्क पर जोर देते हुए कहा कि पुलिसिंग एक सामूहिक कार्य है, जिसमें आपसी भाईचारा और विश्वास से किसी भी चुनौती का सामना आसानी से किया जा सकता है।

अपराध में आई गिरावट

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार नीचे जा रहा है। वर्ष 2023 से अब तक अपराधों में 19.45 प्रतिशत की कमी आई है। अनुसूचित जाति वर्ग के विरुद्ध अत्याचारों में 17.80 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति वर्ग के मामलों में 18.77 प्रतिशत और महिला अत्याचार के मामलों में 9.24 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई है।

पुलिस महानिदेशक का वक्तव्य

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने और न्याय व्यवस्था लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि नवीन चुनौतियों का सामना करने के लिए तकनीकी नवाचार, त्वरित अनुसंधान और कार्यकुशलता का लगातार उन्नयन किया जा रहा है।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रशिक्षणार्थियों को पुरस्कृत किया, परेड की सलामी ली और सामूहिक फोटो सत्र में शामिल हुए। इस मौके पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा, मुख्य सचिव सुधांश पंत, निदेशक आरपीए एस. सेंगाथिर सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related