प्रवासी राजस्थानी दिवस – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 27 नवम्बर को पर्यटन विभाग की प्री-समिट में करेंगे शिरकत, पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ करेंगे संवाद
16 नवम्बर 2025, 05:58 PM
जयपुर। रिपोर्ट नरेश गुनानी
आगामी 10 दिसम्बर को प्रस्तावित प्रवासी राजस्थानी दिवस के क्रम में पर्यटन विभाग द्वारा एक प्री-समिट का आयोजन किया जा रहा है। जयपुर के एक निजी होटल में 27 नवम्बर को आयोजित होने वाली इस प्री-समिट में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भाग लेंगे।
प्री-समिट में पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं और चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा के लिए दो सत्र आयोजित किए जाएंगे।
- पहला सत्र – “राजस्थान : ए ईयर-राउंड टूरिस्ट डेस्टिनेशन” विषय पर आधारित होगा, जिसमें विशेषज्ञ यह बताएंगे कि राजस्थान को पूरे वर्ष पर्यटकों के लिए आकर्षक कैसे बनाया जा सकता है।
- दूसरा सत्र – “राजस्थान राइजिंग : बिल्डिंग इंडियाज़ प्रीमियर एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन” विषय पर केंद्रित होगा, जिसमें एडवेंचर टूरिज्म की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इन सत्रों में पर्यटन, होटल और ट्रैवल सेक्टर से जुड़े विशेषज्ञ, हितधारक और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
मुख्य आयोजन 10 दिसम्बर को
राज्य सरकार द्वारा प्रवासी राजस्थानी दिवस का मुख्य आयोजन जयपुर के जेईसीसी में किया जाएगा। यह आयोजन प्रवासी समुदाय और राज्य सरकार के बीच सहयोग के नए अवसरों के लिए एक प्रमुख मंच तैयार करेगा।
इस दौरान उद्योग, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और जल प्रबंधन जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेषज्ञ पैनल चर्चाएं होंगी।
साथ ही, देश-विदेश में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रवासी राजस्थानियों को सम्मानित भी किया जाएगा।