प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन 10 दिसंबर को जेईसीसी में
09 दिसंबर 2025, जयपुर
| सुनील शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर 10 दिसंबर को जेईसीसी में प्रवासी राजस्थानी दिवस मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में देश-विदेश में बसे 8,700 से अधिक प्रवासी राजस्थानी भाग लेंगे। इस दौरान लगभग एक लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग होगी और प्रवासी राजस्थानी नीति सहित निवेश से जुड़ी कई नीतियों का अनावरण किया जाएगा।
मुख्य अतिथि व प्रतिभागी
कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया सहित केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, पीयूष गोयल, भूपेंद्र यादव और जयंती चौधरी उपस्थित रहेंगे।
उद्योग जगत से वेदांता समूह के अनिल अग्रवाल, टाटा पावर के सीईओ एवं एमडी प्रवीर सिन्हा सहित प्रमुख उद्योगपति भाग लेंगे।
कार्यक्रम की प्रमुख गतिविधियां
- सुबह 10 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ
- प्रवासी संवाद एवं विशिष्ट सेक्टोरल सत्र
- उद्योग, ऊर्जा, जल, खान, शिक्षा, पर्यटन और स्वास्थ्य पर चर्चाएं
- प्रवासी राजस्थानियों को विशेष सम्मान प्रदान
- शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम, जिसमें राजस्थानी संस्कृति की प्रस्तुति
26 राजस्थान चैप्टर की भागीदारी
कार्यक्रम में 26 चैप्टर के प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिनमें 12 अंतरराष्ट्रीय एवं 14 राष्ट्रीय चैप्टर शामिल हैं।
अंतरराष्ट्रीय चैप्टर— जर्मनी, केन्या, यूएई, सिंगापुर, कतर, जापान, सऊदी अरब, ऑस्ट्रेलिया, युगांडा, नेपाल, यूके और यूएसए।
राष्ट्रीय चैप्टर— दिल्ली, रांची, गुवाहाटी, पुणे, मुंबई, चेन्नई, अहमदाबाद, सूरत, बेंगलुरु, हैदराबाद, इंदौर, कोलकाता, भुवनेश्वर और कोयम्बटूर शामिल।
निवेश धरातल पर
राइजिंग राजस्थान में हुए कुल 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौतों में से 7 लाख करोड़ रुपये जमीन पर उतर चुके हैं। 10 दिसंबर को प्रस्तावित निवेश के साथ यह आंकड़ा 8 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।
10 से अधिक नई नीतियां लॉन्च होंगी, जिनमें प्रवासी राजस्थानी नीति प्रमुख है।
प्रदर्शनी— विकास यात्रा का परिचय
कार्यक्रम स्थल पर “प्रगति पथ” थीम पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें राज्य सरकार की उपलब्धियां, योजनाएं, प्रोजेक्ट्स और वीडियो प्रदर्शित होंगे। उद्देश्य— प्रवासियों को प्रदेश की विकास यात्रा की जानकारी देना और निवेश व सहभागिता को बढ़ाना।
प्रवासियों के लिए नए फैसले
राज्य सरकार ने प्रवासी राजस्थानियों के लिए—
- नया विशेष विभाग
- प्रवासी राजस्थानी नीति
- प्रत्येक जिले में सिंगल प्वॉइंट कॉन्टेक्ट
- अतिरिक्त जिला कलक्टर को नोडल अधिकारी नियुक्त करने का निर्णय लिया है।
पहला प्रवासी राजस्थानी दिवस
राइजिंग राजस्थान कॉन्क्लेव में की गई घोषणा के बाद यह पहला प्रवासी राजस्थानी दिवस है।
हैदराबाद, सूरत, कोलकाता एवं पर्यटन सेक्टर में प्री-मीट आयोजित की जा चुकी हैं।
उद्देश्य— प्रवासियों को जड़ों से जोड़ना और ‘बढ़ता राजस्थान’ की भावना के साथ जुड़ाव बढ़ाना।

