प्रभारी मंत्री मदन दिलावर ने महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती घायलों से की मुलाकात
कहा – यह त्रासदी अत्यंत पीड़ादायक, सरकार हर घड़ी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है
नरेश गुनानी • वरिष्ठ संपादक
जयपुर, 15 अक्टूबर 2025।
जिले के प्रभारी मंत्री मदन दिलावर बुधवार को जैसलमेर बस दुखांतिका में घायल यात्रियों से मिलने महात्मा गांधी अस्पताल के बर्न यूनिट पहुंचे। उन्होंने घायलों की कुशलक्षेम पूछी और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
प्रभारी मंत्री ने परिजनों से बातचीत के दौरान संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह समय पूरे प्रदेश को एक सूत्र में बाँधने का है। राज्य सरकार इस दुःख की घड़ी में प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि सरकार का हर विभाग राहत और सहयोग के कार्यों में सक्रिय है तथा पीड़ितों को हरसंभव सहायता दी जा रही है।
मदन दिलावर ने दिवंगतों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिवारों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
हर घायल को मिले सर्वोत्तम उपचार – प्रभारी मंत्री के निर्देश
अस्पताल पहुंचकर प्रभारी मंत्री ने बर्न यूनिट में भर्ती मरीजों का हालचाल लिया और अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सीय उपचार और आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों की स्थिति, जलन के प्रतिशत, उपचार पद्धति और उपलब्ध संसाधनों की विस्तृत जानकारी ली।
बर्न यूनिट की व्यवस्थाओं और परिजनों की सुविधा का निरीक्षण
मदन दिलावर ने वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सपोर्ट, इंटेंसिव केयर बेड्स, दवाइयों और नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक मरीज के लिए अलग चिकित्सकीय निगरानी दल 24 घंटे मॉनिटरिंग सुनिश्चित करे।
अस्पताल परिसर में डीएनए सैंपल के लिए आए परिजनों से भी संवाद करते हुए उन्होंने उनके ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली।
परिजनों ने प्रशासन द्वारा की गई त्वरित व्यवस्थाओं और संवेदनशील सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी रहे मौजूद
इस अवसर पर उद्योग राज्यमंत्री के.के. विश्नोई, विधायक जैसलमेर छोटी सिंह राठौड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।