प्रभारी मंत्री मदन दिलावर ने अर्पित की श्रद्धांजलि
दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए की प्रार्थना — अंतिम यात्रा में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित
नरेश गुनानी •
जयपुर, 3 नवम्बर। राजस्थान सरकार के शिक्षा (विद्यालयी/संस्कृत) एवं पंचायती राज मंत्री तथा जोधपुर के प्रभारी मंत्री मदन दिलावर ने सोमवार को फलोदी–मातोड़ा मार्ग पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में दिवंगतों की अंत्येष्टि में सम्मिलित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रभारी मंत्री मदन दिलावर मोक्षधाम पहुंचे, जहाँ उन्होंने पार्थिव देहों के अंतिम दर्शन किए और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मदन दिलावर ने परिजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुखद समय में प्रभावित परिवारों के साथ है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
अंतिम यात्रा में सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी, संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह, जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।