प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बांसवाड़ा यात्रा की तैयारियों की समीक्षा बैठक
नरेश गुनानी
23 सितम्बर 2025, बांसवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रस्तावित बांसवाड़ा यात्रा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को शासन सचिवालय में जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी जिलों के कलेक्टर और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

अभय कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला मुख्यालयों, नगरीय निकायों और पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम से जुड़ सकें। उन्होंने सभा स्थल पर आमजन के लिए पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा और पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही परिवहन व्यवस्था को सुचारु रखने और यातायात प्रबंधन इस तरह करने पर जोर दिया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि सभा स्थल और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा जनसुविधाओं को प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराया जाए। अभय कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री की यह यात्रा प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस दौरान राज्य को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिलेगी। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राजकीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। अभय कुमार ने संबंधित विभागों को इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए सभी तैयारियों को पूर्णता और समयबद्धता के साथ अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव सार्वजनिक निर्माण विभाग प्रवीण गुप्ता, प्रमुख शासन सचिव सहकारिता विभाग मंजू राजपाल, शासन सचिव कार्मिक विभाग डॉ. के. के. पाठक, शासन सचिव स्वायत्त शासन विभाग रवि जैन, शासन सचिव पशुपालन विभाग डॉ. समित शर्मा, शासन सचिव सामान्य प्रशासन डॉ. जोगाराम, शासन सचिव परिवहन विभाग शुची त्यागी और शासन सचिव सूचना प्रौद्योगिकी विभाग अर्चना सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।