प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित बांसवाड़ा यात्रा की तैयारियों को लेकर अहम बैठक
नरेश गुनानी। टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर, 16 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 सितम्बर को प्रस्तावित बांसवाड़ा यात्रा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को शासन सचिवालय में जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार ने अहम बैठक ली। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
तैयारियों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश
अभय कुमार ने कहा कि सफल आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से तैयारियों को शीघ्र पूरा करें। उन्होंने बांसवाड़ा में वीवीआईपी व अन्य अतिथियों के लिए आवास व्यवस्था, सभा स्थल तक आमजन की आवाजाही की सुचारू व्यवस्था, चिकित्सक दल व एम्बुलेंस, निर्बाध विद्युत व पेयजल आपूर्ति तथा चल शौचालय सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आमजन को असुविधा न हो
उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क यात्रा के दौरान आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सड़क मरम्मत, सभा स्थल निर्माण, बैरिकेड्स, अग्निशमन वाहन, यातायात नियंत्रण, पार्किंग और सुरक्षा पास व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही सभा स्थल के हर ब्लॉक में पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य व प्रसारण व्यवस्था पर जोर
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को सभा स्थल पर खाद्य परीक्षण दलों की तैनाती के निर्देश दिए गए। वहीं सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग को कार्यक्रम का जिलों में सीधा प्रसारण कराने को कहा गया।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी शामिल
बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव भास्कर ए. सावंत, प्रमुख शासन सचिव भवानी सिंह देथा, शासन सचिव डॉ. के.के. पाठक, रवि जैन, डॉ. जोगाराम, शुचि त्यागी, अर्चना सिंह और आयुक्त पर्यटन रूक्मणि रियार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
वीसी के माध्यम से उदयपुर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, उदयपुर रेंज महानिरीक्षक पुलिस गौरव श्रीवास्तव, बांसवाड़ा जिला कलक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव और पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने भी भाग लिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी तैयारियां तय समय पर पूर्ण कर ली जाएंगी।