प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन (पीएम-अभीम) की अवधि 31 मार्च 2027 तक बढ़ी, राजस्थान में स्वास्थ्य ढांचे को मिलेगी मजबूती

जयपुर/ नरेश गुनानी/राजस्थान में आमजन को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा चिकित्सा तंत्र को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित ‘प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन’ (पीएम-अभीम) की कार्य अवधि केंद्र सरकार ने 31 मार्च 2027 तक के लिए बढ़ा दी है। इस फैसले से प्रदेश में योजनांतर्गत चल रहे स्वीकृत कार्यों और स्वास्थ्य गतिविधियों को निर्बाध रूप से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

​केंद्र सरकार के इस निर्णय के बाद योजना के तहत स्वीकृत सभी विकास कार्य, बुनियादी ढांचे के निर्माण और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। इन सभी गतिविधियों का क्रियान्वयन निर्धारित दिशा-निर्देशों, स्वीकृत मानकों और उपलब्ध बजट आवंटन के अनुसार चरणबद्ध रूप से किया जाएगा।

​स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को मिलेगी नई गति

​चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि पीएम-अभीम की अवधि बढ़ने से प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को सशक्त बनाने के प्रयासों को निरंतर सहयोग मिलेगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को बेहतर, सुलभ और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मिशन की निरंतरता से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार को अतिरिक्त संबल प्राप्त होगा।

​केंद्र और राज्य के समन्वय से जारी रहेंगे विकास कार्य

​प्रमुख शासन सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) गायत्री राठौड़ ने बताया कि योजना के विस्तार से स्वास्थ्य क्षेत्र में चल रही स्वीकृत गतिविधियों को गति मिलेगी। राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी व आधुनिक बनाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के आपसी समन्वय से विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे, जिससे अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related